Samastipur

12 करोड़ की लागत से होगा बाबा अमर सिंह स्थान मेला परिसर का कायाकल्प

समस्तीपुर।शाहपुर पटोरी.प्रखंड क्षेत्र के शिउरा निषादों की राष्ट्रीय तीर्थ स्थली बाबा अमर सिंह स्थान मेला परिसर का व्यापक जीर्णोद्धार लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। प्रतिवर्ष रामनवमी के अवसर पर यहां तीन दिवसीय राजकीय मेले का आयोजन होता है, जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों से लाखों श्रद्धालु पहुंचकर बाबा मंदिर में दुग्धाभिषेक करते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए प्रशासन ने मेला परिसर के सर्वांगीण विकास की योजना बनाई है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

शुक्रवार को एसडीओ विकास कुमार पांडेय की अध्यक्षता में मेला परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसीएलआर रोहित कुमार, बीडीओ कुमुद रंजन, सीओ अभिषेक कुमार, प्रखंड प्रमुख सुरेश राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक के दौरान एसडीओ ने बताया कि मेला परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। हालांकि संपूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण होने में कुछ समय लगेगा, लेकिन रामनवमी से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, आवासन, वाहन पड़ाव, सुरक्षा व्यवस्था, स्नानघर तथा मेले में लगने वाली दुकानों के लिए चिन्हित स्थलों की विस्तृत जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मेला प्रारंभ होने से पहले सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।

 

 

एसडीओ ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए मेला परिसर में कुल चार प्रवेश एवं निकास द्वार बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त परिसर के दक्षिण दिशा में स्थित वाया नदी के तट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे स्थल का आकर्षण और बढ़ेगा। प्रशासन की योजना है कि मेला परिसर का विकास केवल धार्मिक स्थल के रूप में ही नहीं, बल्कि एक विकसित पर्यटन क्षेत्र के रूप में किया जाए। सौंदर्यीकरण इस प्रकार किया जाएगा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को समुचित सुविधाएं उपलब्ध हों और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में मुखिया सुबोध कुमार चौधरी, प्रयाग महतो, मो. मोहसिन, राजेश कुमार, सतीश कुमार सिंह सहित ग्रामीण उपस्थित थे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मेला को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित स्वरूप देने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!