Dalsinghsarai

JCB से कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी,अतिक्रमणकारियों में हड़कंप

दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर.प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे रेलवे की भूमि को अतिक्रमित कर अवैध तरीके से बनाई गई दुकानों एवं घरों को हटाने के लिए सोमवार को रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई स्थायी एवं अस्थायी दुकानों तथा कुछ घरों को हटाया गया।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की निगरानी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद प्रभारी अंचल अधिकारी अरुण कुमार शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि रेलवे की ओर से करीब 70 अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह पूर्व ही नोटिस जारी कर भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद भी जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके विरुद्ध बुलडोजर चलाकर भूमि को खाली कराया गया।

 

 

हालांकि कई दुकानदारों ने पहले ही स्वेच्छा से अपनी दुकानें हटा ली थीं। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि खाली कराई गई रेलवे भूमि पर दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है।

 

बताया गया कि स्मारक चौक से स्टेशन तक सड़क के किनारे दोनों ओर अवैध ढंग से दुकानें लगने के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं उगना-महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ज्ञात हो कि स्मारक चौक से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर वर्षों से दर्जनों की संख्या में दुकानें लगाई जाती थीं। कई दुकानदारों ने अस्थायी ढांचे के साथ-साथ स्थायी निर्माण भी कर लिया था, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई थी। इसके कारण रोजाना रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

 

 

इतना ही नहीं, इसी मार्ग से प्रसिद्ध उगना महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालु भी गुजरते हैं। श्रावणी मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे समय में सड़क पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही थी। सोमवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!