हलई थाना परिसर में जनसंवाद में समस्याओं से रूबरू हुए एसपी
समस्तीपुर।हलई थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि समस्तीपुर पुलिस 24 घंटे आम जनों की सुरक्षा के लिए समर्पित रहती है। जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिनिधियों व नागरिकों से एसपी ने एक-एक करके समस्याओं को सूना व त्वरित समाधान भी किया। प्रतिनिधियों के द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से जिला आरक्षी अधीक्षक को अवगत कराया गया। आम जनों की सुरक्षा जैसी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी द्वारा तत्काल समाधान किया गया, जबकि कुछ समस्याओं को समाधान का आश्वासन दिया गया।
राजद प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना कुमार यादव ने थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी लगवाने की मांग की। एसपी ने बताया कि इसके लिए पुलिस के पास कोई प्रावधान नहीं है। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों के द्वारा इसे लगवाया जाए तो पुलिस को भी सहूलियत होगी। निकसपुर कॉलेज के निकट थाना स्थापित करने की मांग पर एसपी ने बताया कि फिलहाल खुदनेश्वर मंदिर,प्रखंड मुख्यालय व बाजार भी है, इसीलिए फिलहाल वहां पीकेट की स्थापना की गई है। ताजपुर बख्तियारपुर फोरलेन सड़क भी संवेदनशील क्षेत्र है, भविष्य में फोरलेन के किनारे व अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस पिकेट की व्यवस्था की जाएगी।
पंसस रविंद्र कुमार राय ने राजकीय मेला क्षेत्र इंद्रवाड़ा में विशाल मेले के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। मुखिया प्रतिनिधि वरुण कुमार सिंह ने डिहीया पुल के क्षेत्र को अत्यंत संवेदनशील बताया जबकि जदयू प्रखंड अध्यक्ष सर्वेन्दु कुमार ने प्रतिदिन होने वाले रोड एक्सीडेंट का मामला उठाकर सड़क किनारे रहने वाले अतिक्रमण को दूर करने की मांग की। एसपी ने बारी-बारी से समस्याओं को सुनने के बाद उक्त समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। प्रो अवधेश कुमार झा ने इंद्रवाड़ा राजकीय मेला की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। एसपी ने समाधान का आश्वासन दिया। एसपी द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर समस्याओं से रूबरू होने पर उपस्थित लोगों व प्रतिनिधियों द्वारा हर्ष प्रकट करते हुए बराबर इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की गई।
मुखिया कृष्णदेव राय, सुनील कुमार राय, समाजसेवी अरुण कुमार मालपुरी, सुमन कुमार झा,दिलीप कुमार शर्मा, रामनाथ राय,फूलन कुमार सिंह,रामेश्वर राय,चुनचुन यादव, सुजीत कुमार, मुरारी राय, आदि ने भी जन संवाद कार्यक्रम में जनहित के मुद्दों को रखा। इससे पूर्व एसपी को हलई थाना पहुंचने पर पुलिसकर्मियों के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जन संवाद कार्यक्रम के बाद जिला आरक्षी अधीक्षक ने थाने में चल रहे विभिन्न मामलों का निरीक्षण किया व संवेदनशीलता के आधार पर त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। मौके पर पटोरी डीएसपी बीके मेधावी, थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, नितुन कुमार, सुजीत कुमार, अश्विनी कुमारी, श्वेता कुमारी, शाहिद पटोरी व हलई थाने के अधिकांश पुलिसकर्मी मौजूद थे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
