कृषि समन्वयक की हार्ट अटैक से मौत:बेगूसराय में इलाज के दौरान गई जान
बेगूसराय।खगड़िया जिले के चौथम कृषि विभाग में कार्यरत कृषि समन्वयक सर्वेश चौधरी का शुक्रवार रात बेगूसराय में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनकी मृत्यु हृदय गति रुकने से हुई। उनके निधन से कृषि विभाग के कर्मियों और परिजनों में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार, सर्वेश चौधरी चौथम प्रखंड के पूर्वी बौरने, मध्य बौरने और पश्चिमी बौरने में कृषि समन्वयक के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए परबत्ता सीएचसी ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया। शुक्रवार रात करीब एक बजे इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।परिजनों ने बताया कि जिले में चल रहे फार्मर रजिस्ट्रेशन कार्य का उन पर काफी दबाव था, जिससे वे परेशान थे। डॉक्टरों ने भी मानसिक दबाव को उनकी परेशानी का कारण बताया।
उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर खगड़िया कृषि पदाधिकारी अविनाश कुमार बेगूसराय उनसे मिलने पहुंचे थे। सर्वेश चौधरी के निधन की खबर से खगड़िया जिले के कृषि कर्मियों में गहरा शोक है।
चौथम के कृषि समन्वयक राहुल कुमार, रविशंकर कुमार, श्रेया चौधरी, किसान सलाहकार पंकज मणि, अमृतेश कुमार, अमरकांत कुमार, हरिनंदन कुमार, उमाकांत और अरविंद कुमार सहित अन्य कर्मियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव कन्हैयाचक लाया गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
