सर्वेश्वर धाम मंदिर पटसा में 15 फरवरी को होगा महाशिवरात्रि महोत्सव का आगाज
समस्तीपुर।हसनपुर प्रखंड के औरा पंचायत अंतर्गत पटसा गांव स्थित सर्वेश्वर धाम मंदिर पटसा में आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर रविवार को मंदिर परिसर में सर्वेश्वर धाम सेवा समिति के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में 15 फरवरी से आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि महोत्सव के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर बेहतरीन आयोजन की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि 15 फरवरी से आयोजित होने वाले इस महाशिवरात्रि महोत्सव में 5 दिवसीय लघु रूद्र यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वहीं 15 फरवरी से लेकर 18 फरवरी तक संध्या जागरण का भी आयोजन किया जाएगा। इस संध्या जागरण में मिथिलांचल के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 15 फरवरी को मधुबनी के कलाकार जनक नंदनी व अमित मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे। 16 फरवरी को कलाकारों पूजा झा रूचि व बीके बाबा की प्रस्तुति होगी। 17 फरवरी को कलाकार ज्योति प्रिया की प्रस्तुति के साथ मिथिला झांकी का भी प्रदर्शन होगा। 18 फरवरी को सांस्कृतिक मंच से कलाकार आलोक झा की प्रस्तुति होगी।
महाशिवरात्रि महोत्सव के प्रथम दिन 15 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस महाशिवरात्रि महोत्सव में हर रोज सुबह-शाम मंदिर में स्थापित नर्मदेश्वर महादेव के शिवलिंग का भव्य श्रृंगार सहित मंदिर में स्थापित अन्य देवी-देवताओं की पूजा की जाएगी। बताया जाता है कि पटसा गांव में पवित्र सरोवर के किनारे सर्वेश्वर धाम मंदिर की स्थापना के बाद हर साल इस मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन बहुत ही धूमधाम से किया जाता है। आयोजन में सर्वेश्वर धाम सेवा समिति के सदस्यों सहित अन्य ग्रामीणों की प्रमुख भूमिका रहती है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
