समस्तीपुर जाने में सुविधा होगी,कच्ची दरगाह पुल आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा
पटना.मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल प्रोजेक्ट, आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। इससे समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी की तरफ जाने में बहुत सहूलियत होगी। समय बचेगा। उन्होंने रविवार को इस पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। अफसरों को कई निर्देश दिए। उन्होंने अफसरों से कहा- इस प्रोजेक्ट का नियमित निरीक्षण करें। गुणवत्ता और इसको पूरा करने के समय का खास ख्याल रहे। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि व डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पथ विकास निगम लिमिटेड के एमडी शीर्षत कपिल अशोक, पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, वैशाली डीएम वर्षा सिंह, पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा, वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग आदि मौजूद थे।
पुल-रोड 19.76 किमी लंबा
यह पुल एनएच-30 (पटना) और एनएच-103 (वैशाली) को जोड़ेगा। कुल लंबाई 19.76 किमी है। पुल 9.76 किमी और एप्रोच रोड 10 किमी लंबा रहेगा।
राघोपुर तक हुआ उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने 23 जून 2025 को पुल के कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक के हिस्से का उद्घाटन किया। दूसरे चरण में हाजीपुर-महनार रोड से चकसिकंदर तक तथा तीसरे चरण में राघोपुर दियारा से हाजीपुर-महनार रोड का निर्माण हो रहा है।
गांधी सेतु का लोड कम होगा
6 लेन पुल बनने से महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफिक लोड कम होगा। उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। आवागमन और सुगम होगा। पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जगहों पर आसानी से आ-जा सकेंगे। इमरजेंसी में मरीजों को इलाज के लिए पटना पहुंचने में बहुत सुविधा होगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
