रसीदपुर NH 28 पर वाहन ने आंगनबाड़ी सेविका को रौंदा,हुई मौत, बहनोई घायल
बेगूसराय। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना क्षेत्र के रसीदपुर पंचायत अंतर्गत रसीदपुर गांव के पास एनएच-28 पर शुक्रवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी एक पंचायत, वार्ड संख्या दो निवासी स्वर्गीय दिनेश राय की पत्नी क्रांति कुमारी के रूप में हुई है।
घायल व्यक्ति रसीदपुर पंचायत के रसीदपुर गांव निवासी शशि कुमार चौधरी उर्फ बौआ बताए गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से दलसिंहसराय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्रांति कुमारी रानी एक पंचायत में आंगनबाड़ी सेविका के रूप में कार्यरत थीं। , वे शुक्रवार को दलसिंहसराय में अपनी पुत्री के यहां सगुन-तिलक कार्यक्रम में शामिल होकर बहनोई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं।
राहगीर पंकज ने बताया कि हम साईकिल से जा रहे थे कि तेज आवाज आने पर मुड़े तो देखा एक स्कूटी नीचे गिरी है। उसे रसीदपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की वहीं घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सड़क पर गिरकर दर्द से परेशान हो रहा था। लोग दौर कर वहां पहुंचे तथा तत्काल घटना की सूचना पर बछवाड़ा थाना पुलिस को दी गई जो कि कुछ ही देर में मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। जबकि घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
