Patna

PMCH में सितंबर तक 1600 बेड शुरू होंगे:नए भवन में 3 विभाग होंगे शिफ्ट

पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में मरीजों को जल्द ही विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। सितंबर महीने तक नए अस्पताल भवन में कुल 1600 बेड शुरू हो जाएंगे। इनमें एक टॉवर में 1100 बेड और दूसरे टॉवर में 500 बेड शामिल हैं।पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने विभागाध्यक्षों और सीनियर डॉक्टरों के साथ बैठक कर नए भवन में विभागों की शिफ्टिंग की रूपरेखा पर चर्चा की।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

नए भवन में 3 विभाग होंगे शिफ्ट

 

अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह के अनुसार, नए भवन में मरीजों के इलाज के लिए सबसे पहले तीन विभागों को शिफ्ट किया जाएगा। इनमें पहले चरण में शिशु रोग विभाग, दूसरे चरण में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग और तीसरे चरण में नेत्र रोग विभाग शामिल हैं।इस बैठक में शिशु रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. गीता सिन्हा और नेत्र रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नागेश्वर शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

 

नए भवन में मरीजों को अत्याधुनिक एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन से जांच की सुविधा भी मिलेगी। बीएमआईसीएल द्वारा ये दोनों मशीनें अस्पताल प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई हैं।

 

अस्पताल प्रशासन खुद कराएगा जांच

 

ये जांच सुविधाएं अब पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर नहीं, बल्कि अस्पताल प्रशासन द्वारा स्वयं संचालित की जाएंगी। इससे मरीजों को कम दर पर जांच की सुविधा मिलेगी और लंबी प्रतीक्षा सूची से भी राहत मिलेगी।अधीक्षक ने बताया कि टेक्नीशियन और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद जल्द ही यह सुविधा मरीजों के लिए शुरू कर दी जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने ब्लड बैंक का भी जायजा लिया। वहां पाई गई कमियों को लेकर संबंधित कर्मियों को फटकार लगाई गई।यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों को खून की जांच और उपलब्धता में किसी तरह की परेशानी न हो।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!