पूर्व सैनिक और पत्नी की रोड एक्सीडेंट में मौत:पटना मरीन ड्राइव पर गाड़ी ने मारी टक्कर
वैशाली के बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत बाजितपुर भिंड गांव के पूर्व सैनिक बालेश्वर पंडित (60) और उनकी पत्नी सुनीता देवी (53) की पटना के मरीन ड्राइव पर सड़क हादसे में मौत हो गई। एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मृतक के बड़े पुत्र रवि कुमार ने बताया कि उनके माता-पिता गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे अपनी बाइक से पटना के लिए निकले थे। सुनीता देवी का पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जिसके लिए वे जा रहे थे।
गुरुवार सुबह करीब 9:00 बजे हुई घटना
सुबह करीब 9:00 बजे पटना के मरीन ड्राइव के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सुनीता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इलाज के दौरान शुक्रवार को पति की भी मौत
गंभीर रूप से घायल बालेश्वर पंडित को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी भी मौत हो गई। परिजनों को इस हादसे की सूचना एसटीएफ के एक जवान ने दी, जो खगड़िया से आ रहे थे और उन्होंने ही इस घटना को देखा था।बालेश्वर पंडित 2008 में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे और बाजितपुर भिंड गांव के वार्ड नंबर 13 के निवासी थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी सहित तीन विवाहित संतान हैं।
स्थानीय थाने को घटना की सूचना दे दी गई
शुक्रवार सुबह जब दोनों शव घर लाए गए, तो पूरे परिवार और इलाके में मातम छा गया। परिजनों ने बताया कि दोनों का अंतिम संस्कार घर के पास गंगा तट पर किया जाएगा। पटना के स्थानीय थाने को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
