NH 28 पर हाईवा ने बाइक में मारी टक्कर, 1 की मौत:दोस्त के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे
बेगूसराय में नेशन हाईवे (NH-28) पर आज सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा व्यक्ति घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बरौनी थाना क्षेत्र में NH पर स्थित DAV स्कूल के पास की है।मृतक भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित मेहदौली गांव निवासी सोनेलाल साह का बेटा रामनाथ साह (50) है। जबकि घायल की पहचान मेहदौली गांव निवासी रामोतार शर्मा के बेटे प्रमोद शर्मा (52) के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रामनाथ साह और प्रमोद शर्मा बरौनी रिफाइनरी विस्तारीकरण में लगी एक निजी कंपनी में काम करते थे। आज भी दोनों एक ही बाइक से ड्यूटी करने जा रहे थे। इसी दौरान NH पर डीएवी स्कूल के नजदीक पीछे से हाईवा ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक हाईवा लेकर फरार हो गया।
पुलिस के पहुंचने से पहले मौत
घटना की सूचना मिलते ही बरौनी थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक रामनाथ साह की मौत हो चुकी थी। वहीं, पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने घायल को बरौनी पीएचसी पहुंचा दिया था। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के समझाने के बाद लोग शांत हुए
घायल को पीएचसी से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लगातार हो रहे हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एनएच को जाम कर दिया। जाम कर रहे लोग हादसे के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। बाद में थानाध्यक्ष विकास कुमार रंजन ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। इस दौरान करीब एक घंटे तक एनएच जाम रहा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
