वैशाली की मनीषा की सड़क हादसे में मौत:जेल में बंद पति से मिलने के बाद घर लौट रही थीं
वैशाली के चेहराकाला प्रखंड क्षेत्र के बाघी चौक वार्ड नंबर 1 की रहने वाली 24 वर्षीय मनीषा देवी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा मुजफ्फरपुर के नारायणपुर बेला इलाके में तब हुआ, जब वह मुजफ्फरपुर जेल में बंद अपने पति जितेंद्र राय से मिलने के बाद घर लौट रही थीं।
परिजन के अनुसार, मनीषा अपने देवर नवीन कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रही थीं। रास्ते में एक ट्रक से उनकी मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में मनीषा देवी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव उनके घर देर शाम पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया और मातम छा गया।
पति जेल में, नन्ही बेटी अनाथ
मनीषा देवी की शादी वर्ष 2023 में जितेंद्र राय से हुई थी। विवाह के मात्र पांच माह बाद ही जितेंद्र किसी मामले में जेल चले गए थे। मनीषा उन्हीं से मिलने गई थीं, जहां से लौटते समय यह दुर्घटना हुई। वे अपनी डेढ़ वर्षीय नन्ही पुत्री मिष्टी कुमारी को भी अपने साथ ले गई थीं। हादसे के समय मिष्टी अपनी मां की गोद में ही थी। चमत्कारिक रूप से बच्ची को कोई गंभीर चोट नहीं आई। कहा जा रहा है कि मां की ममता ने अपनी जान की बाजी लगाकर उसे बचा लिया। अब मिष्टी के सिर से मां का साया उठ गया है, जबकि पिता जेल में हैं।
देवर घायल, पुलिस ने मामला दर्ज किया
हादसे में मोटरसाइकिल चालक मृतका के देवर नवीन कुमार भी घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर लिया गया है। ट्रक चालक को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
