समस्तीपुर में महिला की मिली लाश, हाथ-पैर बंधा था:हत्या की आशंका
समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकनूर रहमतपुर गांव के पास बूढी गंडक नदी में एक महिला की लाश मिली है। शव के हाथ-पैर बंधे हुए है।बड़ी संख्या में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि किसी ने भी महिला की पहचान नहीं की।
महिला के हाथ में इंट्राकैट भी लगा हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ खाने से हुई है उसका उपचार करने का प्रयास किया गया है। लेकिन मौत होने के बाद शव का हाथ पैर बांधकर बूढी गंडक नदी में फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस ने नदी से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।रहमतपुर घाट के पास लोगों ने आज सुबह बूढी गंडक नदी में महिला का शव उपलाता हुआ देखा। हल्ला होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी मुफस्सिल पुलिस को दी।
शव को नाव से निकाला
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को नाव से जाकर बाहर खींचा गया, तो शव के साथ पत्थर भी बांधा हुआ था। हाथ और पांव को भी साड़ी से बांधा गया था। जिससे पहली नजर में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।पत्थर खोलकर महिला के शव को नदी से बाहर निकाला गया। शव देखने से लग रहा है कि इसकी मौत 24 से 48 घंटे पहले हुई होगी। शव सड़ा नहीं था।
हत्या का लग रहा है मामला
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया की पहली नजर में यह मामला हत्या का लग रहा है।
संभावना यह भी जताई जा रही है कि महिला के शव को किसी दूसरे स्थान से लाकर यहां पर फेंका गया है। महिला के बाएं हाथ में इंट्राकैट लगा हुआ था । जबकि, हाथ पांव को साड़ी से बांधा गया था। शव निकालने के लिए कर्मी जब नदी के अंदर गए, तो उसके शरीर में पत्थर भी बांधा हुआ मिला है। शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है।मामले की जांच की जा रही है। शरीर पर कहीं जख्म के निशान नहीं है। हाथ में इंट्राकैट होने के कारण यह भी संभावना जताई जा रही है कि नशीली पदार्थ खाने के बाद महिला का कहीं पर उपचार कराया गया है, मौत हो जाने के बाद शव को लाकर फेंक दिया गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
