Patna

बेटे की चाहत में पत्नी की हत्या,चेहरा भी जलाया:8 दिन बाद मिली लाश

मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर में बंद बोरे में महिला की लाश बरामद हुई है। महिला के शरीर पर जख्म के 100 से अधिक निशान मिले हैं। शव की पहचान न हो, इसलिए चेहरा भी जला दिया गया है। महिला 22 जनवरी से ही लापता थी। लापता होने से चंद घंटे पहले महिला ने अपनी मां को कॉल कर कहा था कि मेरे ससुराल के लोग मेरी हत्या की साजिश रच रहे हैं, मुझे बचा लो।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

महिला के मायका पक्ष की ओर से पहले गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 25 जनवरी को लापता होने की FIR दर्ज कराई थी.मृतका के भाई के मुताबिक, पुलिस से पूछे जाने पर कहा जाता था कि हम लोग तलाश कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर पुलिस का कॉल आया और बताया गया कि एक महिला की लाश मिली है, आकर शिनाख्त कर लो। घटनास्थल पर पहुंचकर देखा तो लाश मेरी बहन की थी।

 

मृतका की पहचान 27 साल की फूलो देवी के रूप में की गई है। मृतका मूल रूप से रून्नीसैदपुर की रहने वाली थी, जबकि उसका ससुराल मुजफ्फरपुर के बालूघाट के पास था। घटना के बाद मृतका का पति अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ फरार है। फिलहाल पुलिस आरोपी पति, उसके भाई और पिता की तलाश में जुटी है।

 

फूलो देवी की शादी 2013 में बालूघाट के रहने वाले जयनारायण साह के बेटे संतोष से हुई थी। शादी के डेढ़ साल के बाद एक लड़की का जन्म हुआ, लेकिन वो नहीं बची। इसके बाद दूसरी लड़की का जन्म हुआ, उसकी भी जान नहीं बची। तीसरी बार में फिर लड़की हुई, जो अब 9 साल की है।मृतका फूलो देवी के भाई शिवनाथ साह ने बताया कि आज 12 बजे से पहले थाना से सूचना मिली कि एक महिला की लाश मिली है। आकर पहचान कर लीजिए। मैं थाना गया, इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस के साथ पहुंचा तो लाश की शिनाख्त अपनी बहन के रूप में की। बहन की पहचान उसके हाथ पर बने गोदना और साड़ी से की।

 

मृतका के भाई ने बताया कि 20 को बहन से और 21 को बहनोई से बातचीत हुई थी। 22 को मेरी बहन का मेरी मां के पास कॉल आया था। बहन ने मां से कहा था कि चार से पांच लोग मेरी हत्या की साजिश रच रहे हैं, मुझे आकर बचा लो।

 

 

‘बहन को बेटा नहीं हो रहा था, इसलिए उसकी हत्या की गई’

 

शिवनाथ साह ने बताया कि मेरी बहन जब मां से बात कर रही थी, तब उसने अपने पति संतोष, देवर राकेश, ससुर जयनारायण साह और घर की महिलाओं का नाम लिया था। उन्होंने कहा कि मेरी बहन की हत्या इसलिए की गई है, क्योंकि मेरी उसे तीन बेटियां थी। बेटा नहीं हो रहा था, इसलिए उसके साथ मारपीट की जाती थी।

 

मृतका के भाई ने बताया कि लड़का न होने की वजह से ही बहनोई ने मेरी बहन को पिछले साल भी जहर खिलाया था, हालांकि इलाज के दौरान मेरी बहन को डॉक्टरों ने बचा लिया था।मेरा बहनोई अक्सर शराब पीकर आता था और मारपीट करता था। हम लोगों ने थाना में 25 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। सिंकदरपुर थाना की पुलिस ने कहा कि हम लोग तलाश रहे हैं। आज सुबह पुलिस का कॉल आया कि एक लाश मिली है, आकर शिनाख्त कर लो।मृतका फूलो देवी के भाई ने कहा कि पुलिस की लापरवाही की वजह से भी मेरी बहन की जान गई है। अगर लापता होने की जानकारी के बाद पुलिस एक्टिव हो जाती, तो आज मेरी बहन इस हाल में नहीं मिलती।

 

उधर, घटना को लेकर मौके पर पहुंचे सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद में हत्या का प्रतीत होता है। शव पर चोट के गंभीर निशान हैं और चेहरा भी जलाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

 

अब जानिए, किस हाल में मिला महिला का शव

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल पर सुबह एक बोरे से बदबू आ रही थी। तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खोला तो अंदर से महिला की लाश मिली। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, शव देखकर लग रहा था कि महिला की बूरी तरीके से पिटाई की गई, जिससे उसके शरीर पर 100 से अधिक जख्म के निशान मिले हैं।

 

 

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतका के शरीर पर जख्म के 100 से अधिक निशान थे, जिससे लग रहा था कि निर्मम तरीके से महिला की हत्या की गई है.मृतका की पहचान न हो, इसलिए आरोपियों ने उसके चेहरे को जलाया है। शरीर पर मिले जख्म के निशान मारपीट के हैं, या फिर पानी में रहने से हुए हैं, ये जांच के बाद ही पता चलेगा। वहीं, चेहरे को तेजाब से जलाया गया है या फिर किसी और केमिकल से ये भी जांच का विषय है।

 

फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल से लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं.पुलिस आसपास के लोगों से ये भी जानकारी जुटा रही है कि पिछले एक हफ्ते में घटनास्थल के आसपास किसी की संदिग्ध गतिविधि तो नहीं देखी गई थी। हालांकि, इस संबंध में किसी तरह की कोई सफलता नहीं मिल पाई है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!