पटना में स्कूटी से 12 लाख कैश बरामद:हिरासत में एक युवक और युवती
पटना में आज दीघा थाना क्षेत्र के जेपी सेतु पर पुलिस ने जांच के दौरान एक स्कूटी से 12.01 लाख कैश बरामद की गई है।एसडीपीओ (विधि-व्यवस्था-02) दिव्याजलि जायसवाल ने बताया कि जेपी सेतु पर नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी को रोका।
स्कूटी पर एक युवक और एक युवती सवार थे। पुलिस को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगी, जिसके बाद गाड़ी की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी पर रखे एक सूटकेस को खोला गया, जिसमें ₹12.01 लाख नकद मिले।
स्कूटी दूसरे राज्य, गुजरात की है
बरामद की गई पूरी राशि बड़े नोटों में थी। जांच में यह भी सामने आया कि स्कूटी दूसरे राज्य, गुजरात की है। इतनी बड़ी रकम और बाहरी राज्य की गाड़ी होने के कारण पुलिस का शक और गहरा हो गया। पूछताछ के दौरान युवक और युवती नकद राशि के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए।
इसके बाद दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। साथ ही, नकद राशि के स्रोत और लेन-देन की जांच के लिए आयकर विभाग को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह मामला अवैध लेन-देन, हवाला या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि से तो जुड़ा नहीं है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी। फिलहाल नकद राशि को जब्त कर लिया गया है और दोनों हिरासत में लिए गए लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे कानूनी प्रक्रिया जारी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
