मऊ बाजार में श्री लक्ष्मी-नारायण वार्षिकोत्सव यज्ञ को लेकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा
“मऊ बाजार में श्री लक्ष्मी-नारायण वार्षिकोत्सव यज्ञ को लेकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा
दलसिंहसराय न्यूज़।विद्यापतिनगर।प्रखंड अंतर्गत मऊ बाजार में स्थित “श्री लक्ष्मी नारायण” मंदिर परिसर में आयोजित 10वें वार्षिकोत्सव यज्ञ की विधिवत् शुरुआत मंगलवार को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुई। 11 दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान को लेकर मंगलवार की सुबह मंदिर में विधिवत् पूजन के पश्चात कलश यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान लाल-पीली वस्त्रों में सुसज्जित 551 कन्याओं ने अपने माथे पर आस्था का कलश उठाया।
इस कलश यात्रा में गाजे-बाजे की धुन पर जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु गंगा की सहायक बाया नदी के तट पर पहुंचे, जहां यज्ञ के आचार्य पंडित राजेश कुमार झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरवाया। इस यज्ञ में मुख्य यजमान के तौर पर मंदिर के मुख्य पुरोहित पंडित विनोद कुमार झा, नवीन कुमार सिंह, प्रेम कुमार साह, गौतम कुमार शर्मा तथा राजदेव राय शामिल हुए। कलश यात्रा में 551 कन्याओं के साथ श्रद्धालु शामिल हुए।
वहीं “हरे रामा-हरे कृष्णा” की धुन एवं श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए जयकारे से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर परिसर से शुरू हुई यह कलश शोभा यात्रा बाया नदी से जल लेने के बाद चिनगीया बांध के रास्ते लहेरीया चौक, पुरानी दुर्गा मंदिर, पश्चिम बाजार के रास्ते संपूर्ण मऊ बाजार की परिक्रमा कर यज्ञशाला पहुंची।
यहां सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति भाव से सराबोर हो उठा। वहीं जगह-जगह सैकडों की संख्या में खड़े लोगों ने कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस अवसर पर राजेश कुमार जायसवाल, सुजीत कुमार गुप्ता, सुनील कुमार साह, सुधीर कुमार साह, हेमंत साह, अनिल कुमार राय, मुरारी चौधरी, पंकज कुमार साह, राम प्रवेश साह, दिनेश पासवान, प्रवीण कुमार साह, चंदन साह, श्याम कुमार आदि मौजूद थे।
आयोजन समिति से जुड़े सदस्यों ने बताया कि बुधवार से पांच फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से आचार्य “आनंद नारायण शरण” द्वारा “रामचरितमानस” पाठ किया जाएगा। वहीं संध्या सात बजे से श्रीधाम वृन्दावन से पधारी साध्वी “राधे कृपा साक्षी जी” के मुखारविंद से संगीतमय “रामकथा” प्रस्तुत किया जाएगा। अनुष्ठान का समापन 6 फरवरी को हवन एवं कन्यापूजन के साथ होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
