पटना के अटल पथ पर हादसा,चलती एंबुलेंस में लगी आग,मरीज को खींचकर बाहर निकाला
पटना के अटल पथ पर शनिवार को पेशेंट को लेकर जा रही एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। आग की जानकारी मिलते ही ड्राइवर ने आनन-फानन में गाड़ी रोकी। आसपास के लोग जुट गए। मरीज को स्ट्रैचर के खींचकर बाहर निकाला गया।इसके बाद उसके साथ बैठे 4 अटेंडर्स का भी रेस्क्यू किया गया। थोड़ी देर में आसपास के लोग पानी लेकर दौड़े और आग बुझाने की कोशिश करने लगे।
पुलिस भी मौके पर पहुंची और पेशेंट को PMCH शिफ्ट किया गया। हादसे की वजह से अटल पथ पर 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। एंबुलेंस में आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।एंबुलेंस में अचानक आग लगी। फिलहाल कारण स्पष्ट नहीं है। एंबुलेंस की सीट जलकर खाक हो गई है। पिछले हिस्से के इंटीरियर में नुकसान है। हादसे के वक्त गाड़ी की स्पीड 40 के ऊपर थी। 25 मीटर तक एंबुलेंस जलती हुई चली। 3 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने में करीब 27 मिनट लगे।
एंबुलेंस में सवार अमरजीत कुमार ने बताया, ‘मेरे दादा राजदेव राम बीमार हैं। वो लंबे समय से पेट की बीमारी से जूझ रहे थे। श्री साईं हॉस्पिटल कंकड़बाग में एडमिट कराया गया था। वहां से जब स्थिति बिगड़ी तो IGIMS लेकर गए थे। वहां से लेकर वापस PMCH जाने वाले थे। इसी बीच हादसा हो गया।ड्राइवर और मैं आगे की सीट पर बैठे थे। पीछे की सीट पर 2 घर की महिलाएं और मेरा साला था। आग लगी तो मैं और ड्राइवर कूदकर आए और पीछे का गेट खोलकर सभी को बाहर निकाला।
इसी बीच राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। फ्लाईओवर के नीचे से लोग बाल्टी में पानी भरकर ऊपर फेंकने लगे। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। फ्लाईओवर के दूसरे साइड से ट्रैफिक थानेदार गुजर रहे थे। उन्होंने फौरन सिपाहियों को मौके पर भेजा।जिस गाड़ी से ट्रैफिक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, उसी से मरीज और परिजन को अस्पताल भेजा गया। हम औरंगाबाद के बेला का रहने वाला है।’
हल्ला हुआ तो हम दौड़े-दौड़े पहुंचे
अटल पथ के पास दुकान लगाने वाले युवक ने बताया, एंबुलेंस में आग लगते ही हल्ला होने लगा। आसपास के लोग अटल पथ की ओर दौड़े। ये अच्छा रहा कि ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी रोक दी। लोगों की मदद से गाड़ी का गेट खोला गया। अंदर एक बुजुर्ग मरीज था। उसकी हालत खराब थी। उसके साथ 4 परिवार के लोग बैठे थे।सबसे पहले मरीज को स्ट्रैचर के साथ बाहर खींचा। इसके बाद मरीज के साथ मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। थोड़ी देर बाद कुछ लोग पानी लेकर दौड़ते आए। कोई गैलन लेकर आया तो कोई बाल्टी। 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। हादसे की वजह से अटल पथ पर लंबा जाम लग गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
