दरभंगा में कुल्हाड़ी से काट कर भाभी की हत्या:आंगन में रखा सीढ़ी हटाने को कहा था
दरभंगा में आज आंगन में रखी सीढ़ी हटाने का कहने पर दो सगे भाइयों के बीच कहासुनी हुई। इस दौरान छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें भाभी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र की समधपुरा पंचायत अंतर्गत आधारपुर गांव का है।
स्व शिवशंकर झा के बेटे हेमकांत झा और खुशीकांत झा के बीच आंगन में रखी सीढ़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर खुशीकांत झा ने आपा खोते हुए कुल्हाड़ी से हेमकांत झा और उनकी पत्नी सरिता देवी पर हमला कर दिया। हमले में 57 साल की सरिता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि हेमकांत झा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बहेड़ी थाना को जानकारी दी। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी खुशीकांत झा को हिरासत में ले लिया और घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी जब्त कर लिया।
डॉक्टरों ने पति को किया पीएमसीएच रेफर
मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल हेमकांत झा को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहेड़ी ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डीएमसीएच रेफर किया गया। डीएमसीएच में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया, हालांकि परिजन उन्हें पटना न ले जाकर दरभंगा के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिए।
मृतका सरिता देवी के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा राहुल कुमार झा सिक्किम स्थित केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक है, जबकि छोटा बेटा अभिषेक कुमार झा दिल्ली में चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत है। सरिता देवी और उनके पति हेमकांत झा शनिवार की सुबह ही सिक्किम में रह रहे बेटा के घर से गांव लौटे थे। घटना की सूचना दोनों बेटों को दे दी गई है।घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बासुकीनाथ झा और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किया।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
