बेगूसराय में मां सरस्वती की मूर्ति विसर्जन में नाव पलटी:2 लापता,4 ने तैर कर बचाई जान
बेगूसराय में आज सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान बूढ़ी गंडक नदी में नाव पलट गई। इसमें 6 युवक डूब गए हैं। घटना देर शाम खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के रामघाट की है। 4 युवक ने तैर कर जान बचाई है। दो लापता है। इनकी खोजबीन की जा रही है।
डूबे एक युवक की पहचान खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड नंबर-10 स्थित ननिहाल में रहने वाले स्व. शत्रुघ्न महतो के बेटे आदित्य कुमार (19) के रूप में की गई है। जबकि, दूसरा युवक रामबालक महतो का बेटा कृष्ण कुमार (17) है। फिलहाल नदी में डूबे युवकों की तलाश स्थानीय गोताखोरों की मदद से की जा रही है।
तारा बरियारपुर गांव स्थित बचपन प्ले स्कूल में हुई सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन होना था। माता सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन के लिए स्कूल के सभी छात्र-छात्राएं बूढ़ी गंडक नदी के बांध किनारे रामघाट में गए हुए थे। जहां 5-6 युवकों ने प्रतिमा को नाव पर रख दिया।
4 युवकों ने तैर कर बचाई जान
नदी में संतुलन बिगड़ने से अचानक नाव पलट गई। नाव पर सवार सभी युवक नदी में डूबने लगे। काफी कोशिश के बाद चार युवक किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल गए। लेकिन दो युवक पानी से बाहर नहीं निकल सके।
नाव पलटते ही घाट किनारे कोहराम मच गया और गांव से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही सीओ प्रिति कुमारी, बीडीओ मिथिलेश कुमार वर्मा, खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार और प्रभारी अंचल निरीक्षक कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल स्थानीय गोताखोरों की ओर से नदी में खोजबीन की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
