स्पॉन्सरशिप योजना के तहत अब एकल परिवार के बच्चों को छह हजार रुपए मिलेंगे
पटना.स्पॉन्सरशिप योजना में एकल परिवार या कम जोखिमवाले बच्चों को अब छह हजार रुपए प्रतिमाह की सहायता राशि दी जाएगी। समाज कल्याण विभाग के इस प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने मुहर लगा दी है। इससे योजना की राशि बढ़ने के साथ ही शामिल बच्चों की संख्या भी बढ़ेगी। अभी 4 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। 12 हजार बच्चे योजना से जुड़े हैं।
इसमें राज्य सरकार की भागीदारी 40 प्रतिशत होती है। केंद्र सरकार से स्पॉन्सरशिप योजना की राशि नहीं मिलने से मई से ही योजना बिहार में ठप है। समाज कल्याण विभाग के अनुसार केंद्र से मंजूरी के बाद राशि जल्द ही बच्चों के अभिभावकों के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। वहीं, राज्य सरकार परवरिश योजना के तहत अनाथ बच्चों को एक हजार रुपए देती है। यह योजना 2014 से चल रही है। बाल संरक्षण विशेषज्ञ सुनील झा बताते हैं कि अनाथ बच्चों को अधिक देखभाल और सुरक्षा की जरूरत होती है। ऐसे में परवरिश योजना में भी राशि बढ़ाने की जरूरत है।
बाल संरक्षण के तहत स्पॉन्सरशिप योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों को आर्थिक सहायता देना है जो कठिन परिस्थितियों में रह रहे हैं। ताकि वे परिवार के साथ सुरक्षित वातावरण में रह सकें और उनका पालन-पोषण सही से हो सके। यह योजना मिशन वात्सल्य के तहत चलती है। 18 वर्ष से कम उम्र के वैसे बच्चे जिनके माता-पिता में से एक या दोनों की मृत्यु हो चुकी हो, जिनके माता-पिता अत्यंत गरीब, गंभीर बीमारी से पीड़ित या बच्चे की देखभाल में असमर्थ हों, एकल अभिभावक (विशेषकर मां) द्वारा पाले जा रहे बच्चे, एचआईवी से प्रभावित परिवारों के बच्चे, आपदा, विस्थापन, सामाजिक बहिष्कार से प्रभावित हैं, उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
