Patna

असकारा ने इस्लाम छोड़ हिंदू धर्म अपनाया:नाम बदलकर रानी रखा,की कोर्ट मैरिज

वैशाली में एक युवती के धर्म परिवर्तन और कोर्ट मैरिज का मामला सामने आने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। वैशाली की रहने वाली असकारा प्रवीण ने इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया है और अपना नाम बदलकर रानी कुमारी रख लिया है।युवती ने 16 जनवरी को ननिहाल के ही बादल कुमार से कोर्ट मैरिज की है। इस बीच, शादी के बाद दोनों परिवारों को धमकियां मिलने का आरोप लगाया गया है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

वीडियो जारी कर परिजनों से खतरे की आशंका

 

रानी कुमारी (पूर्व में असकारा प्रवीण) ने एक वीडियो बयान जारी कर अपने पति बादल कुमार की जान को खतरा बताया है। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मामा और भाई से उन्हें और उनके ससुराल पक्ष को खतरा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें या उनके पति के परिवार को कुछ होता है, तो इसके लिए उनके मामा और भाई जिम्मेदार होंगे।वीडियो में युवती ने यह भी कहा कि उनकी शादी पूरी तरह से उनकी मर्जी से हुई है और इस पूरे मामले में लड़का या उसका परिवार किसी भी तरह से दोषी नहीं है।

 

14 जनवरी को हुई थी लापता, अपहरण का केस दर्ज

 

इस मामले की पृष्ठभूमि 14 जनवरी से जुड़ी है, जब असकारा प्रवीण अपने घर से लापता हो गई थीं। इसके बाद उनकी दादी नवीहन खातून ने वेलसर ओ.पी. थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि गांव के ही बादल कुमार और तीन अन्य लोगों ने असकारा का अपहरण कर लिया है।नवीहन खातून ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा था कि उनकी नतनी कुछ सामान लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की खोजबीन के बाद यह संदेह हुआ कि बादल कुमार ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसका अपहरण किया है।

 

परिवार के अन्य सदस्यों पर भी लगाए गए थे आरोप

 

प्राथमिकी के अनुसार, इस कथित अपहरण में बादल कुमार के पिता तेतर सहनी, मां पुतुल देवी और दोस्त निकलेश कुमार (पिता लक्ष्मण सहनी) की भी भूमिका बताई गई थी। आवेदन में यह भी आशंका जताई गई थी कि युवती को बेचने या देह व्यापार में धकेलने के इरादे से अपहरण किया गया है।

 

अपहरण के आरोपों का युवती ने किया खंडन

 

हालांकि, अब सामने आए वीडियो बयान में रानी कुमारी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया और बादल कुमार से शादी की है। युवती का कहना है कि उन्हें अपने ही परिवार से खतरे की आशंका है, न कि ससुराल पक्ष से।

 

 

पुलिस की भूमिका पर टिकी निगाहें

 

मामले में एक ओर अपहरण और गंभीर आरोपों वाली प्राथमिकी दर्ज है, तो दूसरी ओर युवती का स्वैच्छिक विवाह और वीडियो बयान सामने आया है। ऐसे में अब पुलिस के लिए यह मामला संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण हो गया है।सूत्रों के अनुसार, पुलिस युवती के बयान, कोर्ट मैरिज के दस्तावेज और वीडियो की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होगा कि मामला अपहरण का है या बालिग युवती के स्वेच्छा से लिए गए फैसले का।

 

इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल

 

धर्म परिवर्तन और अंतर-धार्मिक विवाह से जुड़ा होने के कारण यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोनों पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं.फिलहाल, पूरे घटनाक्रम पर जिला प्रशासन और पुलिस की नजर बनी हुई है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!