Samastipur

समस्तीपुर:बेटे की पीटकर हत्या,पिता ने की कार्रवाई की मांग:चोरी के आरोप में हुआ था मर्डर

समस्तीपुर में रुपए चोरी के आरोप में 6 दिन पहले युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक के बुजुर्ग पिता आज जिला पुलिस कप्तान के जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को एक लिखित आवेदन सौंपा है.सिंघिया थाना क्षेत्र के अगरौल गांव निवासी कृष्ण कुमार यादव ने अपने बेटे सिद्धार्थ यादव की हत्या के मामले में न्याय की गुहार लगाई है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 11 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे नित्यानंद यादव उर्फ नंदन यादव, गुणानंद यादव और कुछ अन्य लोग उनके बेटे सिद्धार्थ को एक चार पहिया वाहन से घर से बुलाकर ले गए। जब उन्होंने नित्यानंद यादव से पूछा कि वे सिद्धार्थ को कहां ले जा रहे हैं, तो उन्हें बताया गया कि सिद्धार्थ ने रुपया चोरी किया है और उसे पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा है।

 

बेहोशी की हालत में बिस्तर पर पड़ा था बेटा

 

सुबह 11:30 बजे उन्हें सिंघिया थाने से फोन आया कि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है। जब वे अस्पताल पहुंचे, तो सिद्धार्थ बेहोशी की हालत में बिस्तर पर पड़ा था।कृष्ण कुमार यादव ने सिंघिया पुलिस से इस मामले को समझने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनसे एक सादे कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए। जब उन्होंने हस्ताक्षर के बारे में पूछा, तो पुलिस ने बताया कि उनके बेटे पर केस है और उसकी हालत गंभीर होने के कारण जमानत के लिए हस्ताक्षर करवाए गए हैं।

 

12 जनवरी को सिद्धार्थ यादव की मौत

 

बेटे की गंभीर हालत को देखते हुए सिंघिया के डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। डीएमसीएच में इलाज के दौरान 12 जनवरी को सिद्धार्थ यादव की मौत हो गई।पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, लेकिन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है। इसी कारण कृष्ण कुमार यादव ने जिला पुलिस कप्तान के जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचकर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

आरोपी की जल्द होगी गिरफ्तारी

 

जिला पुलिस कप्तान अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि जन संवाद कार्यक्रम के बारे में सोशल मीडिया पर सूचना जारी किया गया था। इसी सूचना के आधार पर सिंधिया थाने के रहने वाले कृष्ण देव यादव जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित होकर मृत बेटे के मामले में कार्रवाई को लेकर लिखित आवेदन दिया है। उनके दिए गए आवेदन की जांच कराकर सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई जा रही है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!