वैशाली में उज्जवल प्रियांक को DM ने किया सम्मानित:UPSC में 10वीं रैंक मिली
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने यूपीएससी परीक्षा में दसवां स्थान प्राप्त करने वाले उज्जवल प्रियांक को अपने कार्यालय कक्ष में सम्मानित किया। बिदूपुर निवासी उज्जवल प्रियांक ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की अंतिम परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर दसवां स्थान हासिल कर अपने गांव, प्रखंड, जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।
बिदूपुर पंचायत के वार्ड 03, बिदूपुर दिलावरपुर पूर्वी निवासी अभियंता संजीव कुमार के इकलौते पुत्र उज्जवल प्रियांक की इस उपलब्धि से पूरे परिवार, गांव, क्षेत्र और ननिहाल में खुशी का माहौल है। उनके पिता संजीव कुमार एक कुशल किसान भी हैं और बड़े पैमाने पर आम के बगीचे लगाए हुए हैं।
जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री प्राप्त की
उज्जवल प्रियांक बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी सीबीएसई की पढ़ाई जान निकेतन, पटना से पूरी की, जहां उन्होंने 2016 में दसवीं बोर्ड परीक्षा में दस सीजीपीए अंक प्राप्त किए। इसके बाद, उन्होंने 2018 में सेंट माइकल, पटना से आईएससी में 96 प्रतिशत अंक हासिल किए। उज्जवल ने जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री प्राप्त की।
”10वीं रैंक मिलने की उम्मीद नहीं थी”
उन्होंने UPSC की तैयारी के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया था और यह सफलता उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में अर्जित की है। उज्जवल प्रियांक ने अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था, लेकिन बधाई मिलने और जिलाधिकारी द्वारा बुलाए जाने के बाद उन्हें अपनी उपलब्धि का एहसास हुआ।उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें 10वीं रैंक मिलने की उम्मीद नहीं थी। उज्जवल ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां और द्वारकाधीश व राधा रानी में अपनी आस्था को दिया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
