समस्तीपुर में ट्रक व ऑटो की टक्कर में एक वृद्ध की मौत, चार यात्री गंभीर
समस्तीपुर-गुदारघाट मुख्य पथ पर सोमवार की सुबह गुदारघाट पुल पर ट्रक और ऑटो के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इसमें एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान नवादा जिला के हिजुआ थाना क्षेत्र के दोमटिया नाला पर वार्ड संख्या सात निवासी राम प्रसाद मांझी (70 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना सोमवार की सुबह करीब 7 बजे की बताई गई है। वहीं सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए समस्तीपुर के किसी निजी अस्पताल में भेजा गया है। हालांकि सभी घायल स्थानीय बताए जा रहे हैं। इनमें दो की हालत नाजुक है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार समस्तीपुर की ओर से एक बालू लदा ट्रक गुदारघाट की तरफ तेज रफ्तार से जा रहा था। इसी बीच सवारी लदे एक ऑटो समस्तीपुर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक का संतुलन पुल पर बिगड़ गया। और सवारी लदे ऑटो में जोरदार टक्कर मारते हुए ट्रक पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे नदी में गिर गया। बताया गया कि इस दौरान ट्रक चालक सुबह के कुहासे का फायदा उठाकर ट्रक से कूदकर फरार हो गया। जबकि घटना के बाद ऑटो रेलिंग में फंस गया।
जानकारी के अनुसार नवादा जिला निवासी रामप्रसाद मांझी का भतीजा दरभंगा में रहता है। वह अपने भतीजा से मिलने दरभंगा गए थे। भतीजा से मिलने के बाद रामप्रसाद अपने घर वापस ऑटो से लौट रहे थे। इसी बीच गुदारघाट पुल पर भीषण सड़क हादसे में घर पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। वहां ट्रक के भी कई हिस्से टूटकर बिखर गए। इधर सभी जख्मी स्थानीय बताए जा रहे हैं। जख्मी की पहचान में पुलिस जुटी है।
^ट्रक और ऑटो के बीच हुई टक्कर में एक अधेड़ की मौत हो गई। जबकि अन्य घायल को अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया है। शव की पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है। – पूनम कुमारी, अपर थानाध्यक्ष खानपुर
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
