पटना के 3 फ्लैट से 1 करोड़ की चोरी:डॉक्टर के फ्लैट से 70 लाख के गहने
पटना के कंकड़बाग स्थित पीपुल्स कॉपरेटिव कॉलोनी में चोरी हुई है। पीसी कॉलोनी के एफ सेक्टर स्थित मकान संख्या-134 में तीन फ्लैट्स से गहने और लाखों रुपये कैश की चोरी हुई है।यह मकान रिटायर्ड कर्नल जनार्दन प्रसाद का है, जो वर्तमान में बेंगलुरु में रहते हैं। मकान में कुल 14 कमरे हैं, जिनमें से दो फ्लैट किराए पर दिए गए हैं।
एक फ्लैट में महावीर आरोग्य संस्थान के गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग में कार्यरत डॉ. अविनाश रहते हैं, जबकि दूसरे में यूपीएससी की तैयारी कर रहे अमित कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं।बताया गया कि डॉ के फ्लैट से 15 लाख कैश और करीब 70 लाख के सोने, चांदी-हीरे के आभूषण चोरी हुए हैं। वहीं, बाकी दोनों लोगों के फ्लैट से करीब 15 लाख का सामान गायब हुआ है।
चोरी होली के दौरान हुई है, लेकिन जानकारी शुक्रवार सुबह मिली। सभी किराएदार अपने-अपने गांव गए थे। आज सुबह लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा था।चोरों ने सुनसान मकान का फायदा उठाकर तीनों फ्लैटों के ताले तोड़े और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब किराएदार अपने फ्लैटों पर लौटे, तो उन्होंने ताले टूटे हुए और सामान बिखरा हुआ पाया। पीड़ितों ने तुरंत कंकड़बाग थाने को सूचना दी।सूचना मिलते ही स्थानीय थाना और वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छापेमारी कर रही पुलिस
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। फुटेज में एक युवक के हाथ में लोहे का रॉड है और उसने अपने माथे पर गमछा बांध रखा है।पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
डॉ. अविनाश कुमार के साले अटल बिहारी ने बताया कि पूरा परिवार होली मनाने नवादा हिसुआ गांव गया हुआ था, जब वापस लौटा तो देखा दरवाजे के सभी ताले टूटे पड़े हैं।सीसीटीवी के अनुसार चोरी की घटना अहले सुबह 3 बजे के करीब हुई है।
मामला पटना पुलिस के लिए बना चैलेंज
पटना सदर के एएसपी अभिनव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। तीन फ्लैटों में चोरी हुई है और सीसीटीवी में तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं।उन्होंने बताया की टेक्निकल इनपुट के आधार पर बाइक सवार चोरों का नंबर ट्रेस किया जा रहा है, तीनों चोर बाइक पर सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचे थे।
सीसीटीवी के अनुसार चोरों की पहचान की जा रही है। इस मामले में अभी तक 15-20 संदिग्ध लोगों का लिस्ट तैयार किया गया है। वहीं परिवार से जुड़े सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।”
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
