शादीशुदा लड़की से मेरे भाई का अफेयर था, मार डाला’:होली मनाने समस्तीपुर आया था
समस्तीपुर के वारिसनगर में प्रेस प्रसंग में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक के भाई ने बताया कि मेरे छोटे भाई को रविवार की शाम किसी का कॉल आया था, जिसके बाद मेरा भाई घर से निकल गया। देर रात तक घर नहीं आया तो हम लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
मृतक के भाई ने बताया कि सोमवार सुबह मेरे भाई की लाश मिलने की सूचना मिली। घर से करीब 2 किलोमीटर दूर गेहूं के खेत में शव पड़ा था। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मीडिया से बात करते हुए मृतक के भाई ने बताया कि लड़की का मामला था। इसी के कारण मेरे भाई की हत्या हुई है।
गेहूं के खेत में मिली दिनेश राम की लाश को पुलिस ने कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
मृतक के गले पर निशान, होली मनाने घर आया था
मृतक की पहचान 22 साल के दिनेश राम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वारिसनगर थाना क्षेत्र के महमदीपुर इलाके का रहने वाला था। मृतक के बड़े भाई राजा राम ने बताया कि छोटे भाई की लाश वारिसनगर थाना क्षेत्र के ही सतमलपुर पंचायत के महरा चौर स्थित एक गेहूं के खेत से बरामद किया गया.राजा ने बताया कि दिनेश के गले पर निशान था। आशंका है कि गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। साथ ही उसकी हत्या कहीं और की गई और लाश को गेहूं के खेत में फेंका गया है, क्योंकि घटनास्थल पर किसी तरह के संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं।
होली मनाने पंजाब से गांव आया था दिनेश राम
मृतक के बड़े भाई राजा राम ने बताया कि दिनेश पंजाब में मजदूरी करता था। होली मनाने के लिए 20 फरवरी को गांव आया था। राजा ने बताया कि रविवार की शाम उसे किसी का कॉल आया और मेरा भाई उसके बुलाने पर बाहर चला गया।जब देर तक दिनेश नहीं लौटा तो रात करीब 9 बजे उसे कॉल किया गया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। गांव और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन की, उसके दोस्तों से पूछा लेकिन दिनेश का कुछ पता नहीं चल पाया।
दिनेश के भाई ने कहा- लड़की का मैटर था
राजा ने बताया कि दिनेश की बातचीत गांव के ही एक लड़की से होती थी, जो शादीशुदा है। गांव लौटने के बाद मेरे भाई की लड़की से लगातार बात हो रही थी। लड़की इन दिनों अपने ससुराल में है। राजा राम ने आशंका जताई कि लड़की के ससुरालवालों या फिर मायके वालों ने ही साजिश के तहत मेरे भाई को बुलाया और उसकी हत्या के बाद शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने कहा- लिखित आवेदन के बाद कार्रवाई की जाएगी
वारिसनगर के थाना अध्यक्ष सर्वेश झा ने बताया कि पहली नजर में मामला हत्या का लग रहा है। फोरेंसिक विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। परिवार के लोगों ने वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है। फिलहाल, मृतक के परिजन की ओर से किसी तरह का लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
