देवर के बुलाने के बाद लापता हुई युवती, जंगल में मिली लाश,सनसनी
पटना. गया.इमामगंज थाना क्षेत्र के नगवां पंचायत अंतर्गत झिलमिलवा जंगल में मंगलवार को एक युवती का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, गया भेज दिया।
मृतका की पहचान नगवां पंचायत के उजियार बहेरा गांव निवासी स्वर्गीय प्रमील भुईयां की 20 वर्षीय पत्नी समुद्री कुमारी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने लोगों की भीड़ को हटाकर मामले की जांच शुरू की। मृतका के परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए उसके देवर आदित्य भुईयां पर गंभीर आरोप लगाए हैं। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है।
9 मार्च को गुमशुदगी का मामला हुआ था दर्ज मृतका की बहन सविता देवी ने बताया कि 3 मार्च को उनकी बहन समुद्री कुमारी को उसके देवर आदित्य भुईयां ने रानीगंज आने के लिए बुलाया था। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गई थी। परिवार के लोगों ने कई दिनों तक उसकी खोजबीन की और ससुराल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि काफी खोजबीन के बाद भी जब समुद्री कुमारी का कोई पता नहीं चला तो उनकी मां ने 9 मार्च को इमामगंज थाना में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के एक दिन बाद मंगलवार को सूचना मिली कि नगवां पंचायत के झिलमिलवा जंगल में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शव की पहचान समुद्री कुमारी के रूप में की।
पति की भी हो गई थी मौत परिजनों के अनुसार समुद्री कुमारी की शादी वर्ष 2024 में उजियार बहेरा गांव के प्रमील भुईयां के साथ हुई थी। हालांकि शादी के करीब एक वर्ष बाद प्रमील भुईयां की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद समुद्री कुमारी अपने मायके इमामगंज थाना क्षेत्र के कादिरगंज मलहडेरवा गांव में रह रही थी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
