कर्पूरी बस पड़ाव समस्तीपुर की बंदोबस्ती के लिए 69.42 लाख की बोली
समस्तीपुर।नगर निगम समस्तीपुर कार्यालय में मंगलवार को महापौर अनिता राम की अध्यक्षता में सैरातों की बंदोबस्ती को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कर्पूरी बस पड़ाव और होर्डिंग के लिए खुली डाक की प्रक्रिया संपन्न हुई। कर्पूरी बस पड़ाव की बंदोबस्ती के लिए खुली डाक में तीन डाकवक्ता खुशबू कुमारी, श्यामा देवी और संदीप कुमार शामिल हुए। चार राउंड तक चली बोली में श्यामा देवी (पति लाल बाबू राय) ने 69 लाख 42 हजार रुपए की उच्चतम बोली लगाई।
इसके साथ ही उन्हें सफल डाकवक्ता घोषित किया गया। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए होर्डिंग (विज्ञापन, बैनर आदि) की बंदोबस्ती हेतु खुली डाक में दो डाकवक्ता अंकित कुमार और पृथ्वीराज चौहान शामिल हुए। दूसरे राउंड तक चली बोली में पृथ्वीराज चौहान (पिता सर्वजीत कुमार) ने 14 लाख 93 हजार रुपए की उच्चतम बोली लगाई, जिसके बाद उन्हें सफल डाकवक्ता घोषित किया गया।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शेष सैरात जैसे किलखाना, कोरबद्वा हाट, मगरदही घाट और दुर्गा पूजा मेला की बंदोबस्ती के लिए खुली डाक 11 मार्च को पूर्व निर्धारित शर्तों और समय के अनुसार की जाएगी। बैठक में उप महापौर रामबालक पासवान, नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, उप नगर आयुक्त विभूति कुमार, नगर प्रबंधक रघुनाथ पासवान, सशक्त स्थायी समिति सदस्य धीरज कुमार शर्मा, सुजय कुमार, गौतम कुमार, घनश्याम भरोष पंडित, रंजीत कुमार दास सहित टैक्स दारोगा और बड़ी संख्या में निगम कर्मचारी मौजूद रहे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
