राज्यसभा चुनाव में AIMIM करेगा RJD कैंडिडेट का समर्थन:तेजस्वी के साथ बैठक
पटना.बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर बुधवार को AIMIM के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान और प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बैठक हुई। बैठक खत्म होने के बाद अख्तरूल ईमाम ने कहा, बहुत पॉजिटिव बातचीत हुई है। राजद कैंडिडेट को समर्थन करने वाले सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पॉजिटिव बात हुई है, पॉजिटिव ही समझिए।
अख्तरूल ईमाम ने आगे कहा, तेजस्वी यादव से आज बातचीत हुई है। हम ओवैसी साहब से इसे लेकर बात करेंगे। बातचीत पॉजिटिव हुई है। कैंडिडेट का मामला 5 तारीख को ही क्लियर हो गया था।दोनों पार्टी के हित में, बिहार की जनता के हित में फैसला लेना चाहिए। इसलिए हम मिलने आए हैं। चोट दोनों को लगी है, इसलिए दोनों को संभलकर रहना चाहिए। हम लोगों ने तेजस्वी साहब को 15 मार्च को इफ्तार में आने का न्योता दिया है।
वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा, सकारात्मक बात हुई है। 15 तारीख को इफ्तार पार्टी है। उन लोगों ने हमें न्योता भी दिया है। हम लोगों की पॉजिटिव बातचीत हुई है। हम इफ्तार में भी जाएंगे और चुनाव भी जीतेंगे।
बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए होने वाले चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। NDA ने सभी पांचों सीटों पर जीत का दावा किया है.वहीं, राजद ने भी अपने एक उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। इसको लेकर राजद, महागठबंधन के सभी विधायकों को एकजुट करने की कोशिश में जुटी है।
अख्तरुल ईमान बोले- एक तरफ दरिंदा, दूसरी तरफ शिकारी
मुलाकात से पहले अख्तरुल ईमान ने कहा था, ‘आज हमारी मीटिंग तेजस्वी यादव से होने वाली है। हमारे अपने एजेंडे हैं, हम उस पर बात करेंगे। अंतिम फैसला हमारे नेता असदुद्दीन ओवैसी साहब को लेना है। उनसे हमारे बात होगी, फिर आगे की बात हम रखेंगे।’
अख्तरुल ईमान ने आगे कहा, ‘अगर हमसे कोई राजी ना हो तो सबसे अच्छा रास्ता है, ना दाएं और ना बाएं। भाग कर किधर जाएं सियासी चक्कर में, एक तरफ दरिंदा है..एक तरफ शिकारी। मैं तो दोनों से बच बचकर चलता हूं।’
कल तेजस्वी ने आवास पर की थी बैठक
मंगलवार को तेजस्वी यादव ने अपने आवास पर सहयोगी दलों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान मटन पार्टी भी हुई। इस बैठक में बीएसपी और एआईएमआईएम के विधायकों को भी बुलाया गया था, लेकिन दोनों दलों के विधायक इसमें शामिल नहीं हुए। हालांकि सहयोगी दलों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।
वोटिंग के दिन समय पर पहुंचने के निर्देश
सूत्रों के मुताबिक तेजस्वी यादव ने सभी विधायकों को निर्देश दिया है कि मतदान के दिन सभी विधायक समय पर पहुंचें और किसी तरह की चूक न हो। राज्यसभा चुनाव में एक-एक वोट की अहमियत होती है।
भाई वीरेंद्र बोले- हमारे पास 41 विधायक
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बैठक के बाद कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई है। राजद उम्मीदवार के पास पूरा संख्या बल है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास 41 विधायक हो चुके हैं और उनकी जीत तय है।एआईएमआईएम के समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी लोग साथ आएंगे। निर्विरोध चुनाव न होने पर उन्होंने कहा कि देश चलाने वाले लोग जिंदा चमड़े के सप्लायर बन गए हैं, इसलिए चुनाव की स्थिति बनी है।
AIMIM-BSP की भूमिका अहम
राज्यसभा चुनाव में एआईएमआईएम के पांच विधायक और बीएसपी के एक विधायक अहम भूमिका में हैं। तेजस्वी यादव ने दोनों दलों के विधायकों को बैठक में बुलाया था, लेकिन वे शामिल नहीं हुए। अगर दोनों दल राजद के साथ नहीं आते हैं तो राजद उम्मीदवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
क्रॉस वोटिंग को लेकर बढ़ी चिंता
राज्यसभा चुनाव को लेकर क्रॉस वोटिंग की भी चर्चा तेज है। एनडीए ने 5वीं सीट जीतने के लिए खास रणनीति बनाई है। वहीं महागठबंधन को डर है कि उनके कुछ विधायक क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। खासकर कांग्रेस विधायकों को लेकर ऐसी चर्चाएं चल रही हैं, इसलिए कांग्रेस भी अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश कर रही है।
एनडीए 4 सीटों पर जीत का दावा
फिलहाल खाली हो रही 5 सीटों में से 3 सीटें एनडीए और 2 सीटें महागठबंधन के पास थीं। लेकिन विधानसभा के मौजूदा संख्या बल के आधार पर एनडीए 4 सीटों पर जीत का दावा कर रहा है। वहीं 5वीं सीट के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
