2 करोड़ की ठगी का आरोपी गिरफ्तार:घर बैठे कमाई का लालच देकर 8500 लोगों से की ठगी
भागलपुर के नवगछिया में वैभव होटल से मंगलवार को कोटा शहर पुलिस ने अंतरराज्यीय ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया। इस दौरान कोटा पुलिस ने 8500 से अधिक महिलाओं और अन्य से करीब 2 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोटा पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गए। आरोपी पर कोटा रेंज के आईजी की ओर से 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
कोटा शहर पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 15 नवंबर 2025 को अनंतपुरा थाना क्षेत्र में पीड़ित कुलदीप शर्मा समेत कई लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि कुमार सानू उर्फ दीपक सिंह नाम के व्यक्ति ने ‘ओएसिस एंटरप्राइजेज’ नाम से एक कंपनी खोलकर घर बैठे रोजगार देने का झांसा दिया।
किताबें तैयार करने के नाम पर ली रकम
आरोपी ने लोगों से किताबें तैयार करने का काम देने के नाम पर 2500 रुपए सिक्योरिटी अमाउंट के तौर पर जमा करवाए और करीब 8500 लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये की रकम ठग ली। इसके बाद वह रातों-रात कार्यालय बंद कर फरार हो गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटा एसपी ने टीम (SIT) का गठन किया। जांच का जिम्मा डीएसपी मनीष शर्मा को सौंपा गया और अनंतपुरा थानाधिकारी रमेश कविया के नेतृत्व में तकनीकी टीम बनाई गई। आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड और अलग-अलग नामों का इस्तेमाल किया था, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी।
कोटा पुलिस ने आरोपी की पटना से भागलपुर तक तलाश की
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल सर्विलांस के जरिए आरोपी की असली पहचान कुमार सानू उर्फ दीपक सिंह पुत्र विजय कुमार (25), निवासी खगड़िया (बिहार) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम बिहार रवाना हुई और कई दिनों तक पटना से लेकर भागलपुर तक उसकी तलाश की। आखिरकार पुलिस ने भागलपुर के नवगछिया स्थित होटल वैभव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।जानकारी देतीं कोटा सिटी एसपी एसपी तेजस्वनी गौतम। उन्होंने बताया कि पहले भी आरोपी को छत्तीसगढ़ में ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
आरोपी के पास से 1.88 लाख कैश बरामद, कार भी जब्त
तलाशी के दौरान दीपक सिंह के पास से 1 लाख 88 हजार 500 रुपए कैश, ठगी में इस्तेमाल की गई लाल रंग की हुंडई औरा कार और कई फर्जी आधार व ई-श्रम कार्ड बरामद किए गए।पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 7 वर्षों से बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश में इसी तरह घर बैठे रोजगार का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कोटा लाया जा रहा है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
