मऊ बाजार में 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ शुरू:751 कन्याओं ने निकाली कलश यात्रा
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर प्रखंड के मऊ बाजार स्थित पुरानी दुर्गा मंदिर के समीप रविवार को तीन दिवसीय 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ सह शक्ति संवर्धन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर 751 कन्याओं ने कलश शोभा यात्रा निकाली, जिसमें उन्होंने अपने माथे पर कलश लेकर पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण किया।
आयोजन समिति की सदस्य रानी झा ने बताया कि लाल और पीले वस्त्रों में सजी कन्याओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शोभा यात्रा में हिस्सा लिया। विमल कुमार झा के निर्देशन में कन्याओं ने गंगा की सहायक बाया नदी के तट से जल भरकर कलश यात्रा प्रारंभ की। यह शोभा यात्रा मऊ बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंची।
कलश यात्रा के दौरान गाजे-बाजे और रथ के साथ लगातार गायत्री मंत्र का जाप किया जा रहा था। श्रद्धालुओं की जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया और महायज्ञ की सफलता की कामना की।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि मऊ बाजार में यह धार्मिक आयोजन पिछले लगभग 30 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग लेते हैं। इस बार भी महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन शाम को प्रवचन, भजन-कीर्तन और विभिन्न संस्कार उत्सवों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों का उद्देश्य धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है।हालांकि, मऊ बाजार में हुई निलेश हत्याकांड के कारण महायज्ञ के पहले दिन के भजन-कीर्तन और प्रवचन के कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम का समापन 17 मार्च को विधिवत हवन-पूजन के साथ होगा। अंतिम दिन विशेष भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालु भाग लेंगे। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महायज्ञ में शामिल होने की अपील की है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
