व्यवसायी से 50 लाख की रंगदारी मांगी:फोन पर जान से मारने की धमकी
वैशाली में एक किराना व्यवसायी को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। बदमाशों ने उनसे 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है।यह घटना वैशाली के सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर गांव की है। यहां के निवासी जयनंदन साह अपने ‘जय नंदन किराना स्टोर’ का संचालन करते हैं। 7 मार्च की रात करीब 8 बजकर 30 मिनट पर उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया।
पहले 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी
पीड़ित के अनुसार, कॉल करने वाले ने पहले 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद उसी नंबर से दोबारा कॉल आया और इस बार सीधे 50 लाख रुपये की मांग की गई।व्यवसायी जयनंदन साह ने तुरंत सराय थाना से संपर्क किया और धमकी भरी कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस के सरकारी नंबर पर भेजी। प्रारंभिक जांच में आवाज के आधार पर आरोपी की पहचान का दावा किया गया है।
आवेदन के बाद सराय थाने में मामला दर्ज
वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित के आवेदन के बाद सराय थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
