आंगनवाड़ी केंद्र पर सेविका-सहायिका में मारपीट: पौषाहार को हड़पने का आरोप
वैशाली के बिदुपुर प्रखंड के कुतुबपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 13 में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 271 पर सेविका और सहायिका के बीच जमकर विवाद हुआ। यह झड़प इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य भी इसमें शामिल हो गए। मारपीट की नौबत आने पर सेविका ने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाने के पीएसआई संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन पुलिस को देखते ही सहायिका पक्ष के लोग उग्र हो गए और स्थिति और बिगड़ गई। हालात को भांपते हुए पुलिस बिना कोई कार्रवाई किए वहां से लौट गई, जिससे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
क्या है पूरा मामला
इस विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सहायिका रीना देवी का आरोप है कि आंगनवाड़ी केंद्र सेविका के घर के दरवाजे पर चलता है। उन्होंने सेविका शीला देवी पर बच्चों के लिए आने वाले पौषाहार को हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों को पौषाहार युक्त खाना नहीं दिया जाता। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर वे परियोजना पदाधिकारी से शिकायत भी कर चुकी हैं।
सेविका बोलीं- सहायिका ने बेटे के साथ केंद्र पर की तोड़फोड़
वहीं, सेविका शीला देवी का आरोप है कि सहायिका अपने निर्धारित कार्यों को नहीं करती है। उन्होंने बताया कि बीते शनिवार को सहायिका अपने बेटे के साथ केंद्र पर आई और जमकर तोड़फोड़ की। सेविका के अनुसार, केंद्र की रसोई सामग्री के अलावा महत्वपूर्ण रजिस्टरों को भी क्षति पहुंचाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि सहायिका की हरकतों के कारण आए दिन केंद्र पर आने वाले बच्चे दहशत में रहते हैं। सेविका को आशंका है कि कभी भी सहायिका द्वारा कोई अप्रिय घटना कराई जा सकती है।
मामले पर सीडीपीओ मीनाक्षी कुमारी ने जानकारी दी है कि सेविका और सहायिका के बीच यह विवाद आपसी और पारिवारिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर इस विवाद के कारण आंगनवाड़ी केंद्र का कार्य बाधित होता है, तो दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। सीडीपीओ ने कहा, केंद्र पर हंगामे की सूचना मिली थी, पुलिस भी पहुंची थी। मैं मामले की जांच कर सक्षम पदाधिकारी को सूचित करूंगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
