विद्यापतिनगर नर्मदेश्वर मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा, चतरा गांव में शोभायात्रा का आयोजन
समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर प्रखंड के बढ़ौना पंचायत स्थित चतरा गांव के नर्मदेश्वर मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर शनिवार सुबह कलश शोभायात्रा निकाली गई।
इस धार्मिक आयोजन में गांव और आसपास के क्षेत्रों से 251 कन्याओं ने भाग लिया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।सबह होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार और शंख-घड़ियाल की ध्वनि के बीच कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा निकाली।यह शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए निकटवर्ती बाया नदी के तट पर पहुंची, जहां विधि-विधान से पवित्र जल भरा गया।इसके बाद शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर लौटकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में शामिल कन्याएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी थीं, जबकि श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “जय माता पार्वती” के जयघोष लगाते हुए चल रहे थे। पूरे गांव को फूल-मालाओं और झंडा-पताकाओं से सजाया गया है, जिससे वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया।
प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर अनुष्ठान जारी, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
मंदिर के मुख्य पुजारी और आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर कई दिनों से अनुष्ठान चल रहा है। वैदिक आचार्यों द्वारा यज्ञ, हवन और विशेष पूजन संपन्न कराया जा रहा है।आगामी दिनों में भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमाओं की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीण युवाओं और महिलाओं का विशेष योगदान रहा। प्राण-प्रतिष्ठा के इस पावन अवसर ने पूरे क्षेत्र में आस्था, भक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
