वैशाली में थानाध्यक्ष ने रेस्टोरेंट संचालक को पीटा:उधार नहीं देने पर विवाद,CCTV में कैद
वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने देर रात रेस्टोरेंट संचालक रणजीत कुमार को पीटा। यह घटना बाईपास रोड स्थित वेलकम फैमिली रेस्टोरेंट एंड ढाबा में हुई, जिसका वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
रेस्टोरेंट संचालक रणजीत कुमार ने बताया कि रविवार रात चार से पांच अज्ञात लोग उनके ढाबे पर आए और उधार मांगने लगे। उधार देने से इनकार करने पर उन लोगों ने रणजीत के साथ मारपीट की थी।
वैशाली में थानाध्यक्ष ने रेस्टोरेंट संचालक को पीटा।
इस घटना के बाद किसी ने लालगंज थानाध्यक्ष को फोन कर सूचना दी। थानाध्यक्ष लगभग आधे से एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। इसी बीच, किसी अन्य व्यक्ति ने लालगंज एसडीपीओ को भी घटना की जानकारी दे दी थी।मौके पर पहुंचते ही थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने रणजीत कुमार को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। उन्होंने रणजीत को फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। थानाध्यक्ष ने रणजीत पर एसडीपीओ को फोन करवाने, अपराधियों को बैठाने और शराब पार्टी करवाने का आरोप भी लगाया।
रणजीत कुमार ने थानाध्यक्ष से कहा कि होटल में सीसीटीवी कैमरा लगा है और वे फुटेज चेक कर सकते हैं। आरोप है कि सीसीटीवी चेक करने के बहाने थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने रणजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें तीन से चार थप्पड़ मारे। इस दौरान थानाध्यक्ष सादे कपड़ों में थे।होटल में मौजूद अन्य लोगों ने थानाध्यक्ष की इस कार्रवाई का विरोध किया। यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
रेस्टोरेंट के बाहर सीसीटीवी में कैद हुई घटना।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लाइन होटल पर कुछ लोगों द्वारा मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। इसके बाद स्थानीय पुलिस अधिकारी को सूचना दी गई थी।एसडीपीओ के अनुसार, लालगंज थानाध्यक्ष खुद घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल कर रहे थे। जांच में यह बात सामने आई कि गोली चलने की सूचना गलत थी।
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने आगे कहा कि थानाध्यक्ष द्वारा मारपीट करने का आरोप होटल संचालक द्वारा लगाया जा रहा है, जो गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा मारपीट नहीं हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
