पूसा में यूपी के युवक की संदिग्ध मौत:बीपीएसी शिक्षिका से मिलने आया था
समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी में गुरुवार शाम एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बेलवा गांव निवासी अनिल सिंह के पुत्र देवेंद्र सिंह उर्फ अमित के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, युवक गुरुवार सुबह आदर्श कॉलोनी निवासी बीपीएससी शिक्षिका दीक्षा सिंह के फ्लैट पर आया था। शिक्षिका रोज की तरह अपने नजदीकी विद्यालय पढ़ाने चली गई थीं, जबकि युवक फ्लैट पर ही मौजूद था।
दोपहर में युवक ने शिक्षिका को वीडियो कॉल किया था। कुछ समय बाद जब शिक्षिका फ्लैट पर लौटीं, तो युवक कमरे में अचेत अवस्था में मिला। जिसके बाद शिक्षिका ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पूसा थाना प्रभारी रमेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक शिक्षिका के पारिवारिक रिश्ते में बड़ी बहन के जेठानी का पुत्र बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। देर शाम एफएसएल की टीम भी फ्लैट पर पहुंची और कमरे की जांच की। टीम ने कुछ सामान जब्त कर फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
