डूब रहे दो लोगों को बचाने के लिए गंगा में कूद गई महिला सिपाही, हो रही तारीफ परन्तु नहीं बचा सकी..
पटना.दीघा के पाटीपुल घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान दो युवक डूब गए। गयाजी के पाचु बिगहा के 30 साल के धनंजय यादव और 50 साल के गार्ड बाबू अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने आए थे। दोनों एक ही परिवार के हैं। दोनों को डूबता देख ड्यूटी कर रही यातायात पुलिस की सिपाही तारा ने गंगा में छलांग लगा दी। हालांकि बचा नहीं पाईं। महिला सिपाही का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोग महिला सिपाही की कोशिश की प्रशंसा कर रहे हैं। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही दीघा थाना और एसडीआरएफ की टीम पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने घंटों तलाश की, लेकिन दोनों नहीं मिले। अब सोमवार को दोनों की तलाश होगी।
मनेर : गंगा में स्नान के दौरान दो युवक डूबे
मनेर|मनेर प्रखंड के हल्दी छपरा संगम तट पर रविवार को माघ पूर्णिमा का उल्लास उस समय मातम में बदल गया, जब गंगा स्नान के दौरान एक 25 वर्षीय युवक नदी की तेज धार में बह गया। लापता युवक की पहचान दरवेशपुर निवासी निर्मल साव के पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, अमरजीत रविवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर हल्दी छपरा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर आया था। दोपहर में वह अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर गया।
स्नान के दौरान ही दो युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को तो सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन अमरजीत गंगा की तेज और उफनती धार की चपेट में आकर लापता हो गया। अमरजीत के डूबने की खबर जैसे ही उसके गांव दरवेशपुर और रिश्तेदार के घर पहुंची, चीख-पुकार मच गई। स्थानीय गोताखोरों ने अपने स्तर पर युवक की तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली।
देखते ही देखते गंगा में विलीन, वीडियो वायरल
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों एक साथ गंगा में उतरे। दोनों आगे बढ़े और अचानक पैर फिसलने से डूबने लगे। घाट पर काफी भीड़ थी। दोनों ने एक-दूसरे का सहारा लेने का भी प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी में डूब गए। हल्ला सुन महिला सिपाही तारा दौड़कर पहुंचीं। वर्दी में ही गंगा में छलांग लगा दी। तारा ने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी से निकाल नहीं पाईं। जब तक एसडीआरएफ की टीम आई तब तक दोनों डूब चुके थे। निराश होकर तारा नदी से निकल गईं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
