समस्तीपुर:रेलवे ट्रैक किनारे मिला महिला- मासूम का शव, हत्या कर फेंकने की आशंका
समस्तीपुर। पदमाकर सिंह लाला।विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड पर अवस्थित विद्यापतिधाम – शेरपुर रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार सुबह एक विवाहिता महिला और उसके एक वर्षीय मासूम बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस व आरपीएफ मामले की छानबीन में जुटी हुई है। बताया जाता है कि विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन से लगभग तीन किलोमीटर पूरब, पोल संख्या 203/28 के पास गुरुवार को शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले शवों को मऊ गांव स्थित रेलवे समपार संख्या – सात के समीप देखा। रेलवे कर्मियों के अनुसार, बच्चे का शव रेलवे पटरी पर पाया गया, जबकि महिला का शव पटरी के बगल में पड़ा था। शवों की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह रेल दुर्घटना है या कोई आपराधिक घटना। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि महिला और बच्चे की हत्या कहीं और करके शवों को यहां फेंका गया है।
उनका कहना है कि घटनास्थल के आसपास संघर्ष या दुर्घटना के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे यह संदेह गहरा गया है। घटना की सूचना मिलते ही विद्यापतिनगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। इसके साथ ही, घटनास्थल और रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों के समय की जानकारी भी जुटाई जा रही है ताकि घटना के समय का पताचल सके। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या का मामला है। रेल दुर्घटना है या किसी आपराधिक घटना के तहत हत्या कर शवों को यहां फेंका गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि फिलहाल महिला और बच्चे की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में प्रयास किए जा रहे हैं और गुमशुदगी से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। उधर घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल को सील कर जांच की। टीम ने मौके से साक्ष्य लेकर गई। जांच उपरांत रिपोर्ट समिट किया जायेगा। घटना स्थल पर पहुंचे डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे लाइन किनारे महिला व लगभग एक वर्षीय बच्चे का शव मिला हैं। प्रथम दृष्टया कहीं अन्यत्र हत्या कर शव को यहां फेका गया हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे।उस हिसाब से मामले में आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।