Samastipur

सदर अस्पताल समस्तीपुर में जांच व्यवस्था होगी हाईटेक, ऑटोमेटेड ईएसआर मशीन..

समस्तीपुर।सदर अस्पताल की पैथोलॉजी सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इमरजेंसी और ओपीडी में इलाज कराने आने वाले मरीजों को अब जांच रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि जल्द ही यहां ऑटोमेटेड ईएसआर (एरिथ्रोसाइट सेडीमेंटेशन रेट) मशीन लगाई जाएगी। वर्तमान में ईएसआर जांच मैनुअल तरीके से होती है, जिसमें रिपोर्ट तैयार होने में लगभग दो घंटे तक का समय लग जाता है। मरीजों की बढ़ती संख्या और सीमित संसाधनों के कारण कई बार जांच प्रक्रिया धीमी हो जाती है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

जिससे डॉक्टर को इलाज शुरू करने में देरी होती है। नई मशीन लगने के बाद सूजन और संक्रमण से जुड़ी शुरुआती जानकारी कुछ ही मिनटों में उपलब्ध हो सकेगी, जिससे चिकित्सकों को तुरंत निर्णय लेने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग इसे मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में अहम कदम मान रहा है। ऑटोमेशन से जांच प्रक्रिया तेज होने के साथ-साथ रिपोर्ट की सटीकता भी बढ़ेगी, जिससे गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार मिल सकेगा।

 

सदर अस्पताल के मैनेजर डॉ. विश्वजीत रामानंद ने बताया कि छह ऑटोमेटेड ईएसआर मशीनों की मांग मुख्यालय को भेज दी गई है और पहले चरण में सभी सदर अस्पतालों में यह सुविधा शुरू की जाएगी। बाद में जरूरत के अनुसार अनुमंडलीय अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में भी इसका विस्तार होगा। मशीन संचालन के लिए लैब तकनीशियनों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि जांच प्रक्रिया पूरी तरह मानकीकृत और त्रुटिरहित हो सके।

 

 

विभागीय अधिकारियों के अनुसार मैनुअल जांच में मानवीय त्रुटि की संभावना बनी रहती है, जबकि मशीन आधारित जांच अधिक सटीक और भरोसेमंद होती है। इससे डॉक्टरों को मरीज की वास्तविक स्थिति समझने में आसानी होगी और इलाज की दिशा तय करने में समय की बचत होगी। खासकर इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों के लिए यह सुविधा जीवनरक्षक साबित हो सकती है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!