होली के दिन पुलिस बल की तैनाती, डीजे बजा तो थानेदार जवाबदेह
बेगूसराय रंगों के त्योहार होली को लेकर सदर अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। सदर एसडीओ अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में होली के त्योहार को शांति, सौहार्द एवं समरसता के साथ मनाने की अपील की गई और सौहार्द बिगाड़ने वालो पर कार्रवाई की बात कही गई। एसडीओ ने कहा कि होली जैसे त्योहार में स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहना है। होलिका दहन हाई टेंशन तार के नीचे नहीं करें, इसका ख्याल सभी को रखने की जरूरत है। एसडीओ ने कहा कि होलिका दहन चिह्नित स्थानों पर ही हो।
बैठक में एसडीओ ने कहा कि होली के दिन पुलिस गश्ती मुस्तैदी से होगी। इस दिन डीजे बजाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। डीजे पर अश्लील गाने बजाने पर डीजे जब्त होगा और कार्रवाई भी होगी। बैठक में कहा गया कि कहीं भी डीजे बजते पाये जाने पर संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष पर जवाबदेही होगी। होली के दिन सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल प्रतिनियुक्त रहेगी और त्योहार में खलल डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।