वैशाली में चलती ट्रेन से मोबाइल छीनने वाला अरेस्ट, दुकान पर बेचता था 2000 रुपये में
वैशाली के हाजीपुर में चलती ट्रेन से मोबाइल छीनने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है। यह घटना 27 जनवरी की शाम करीब 5 बजे हुई थी।
पीड़ित की पहचान गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के गुरमहा गांव निवासी 32 वर्षीय रामाशीष प्रसाद के रूप में हुई है। वे हाजीपुर स्टेशन से सोनपुर जाने वाली ट्रेन में यात्रा कर रहे थे, तभी बदमाश ने उनका मोबाइल और बैग छीन लिया। इस हमले में रामाशीष गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्होंने स्वयं हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचकर अपना इलाज कराया था।इस घटना के खुलासे के लिए जीआरपी-आरपीएफ हाजीपुर और सीआईबी सोनपुर की एक संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान, 1 फरवरी को सुबह करीब 11:15 बजे रेल लाइन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। उसकी पहचान नगर थाना क्षेत्र के उमेश शाह के पुत्र प्रकाश कुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में प्रकाश कुमार ने स्वीकार किया कि वह चलती ट्रेन से यात्रियों के मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लेता है और फिर उन्हें बेच देता है। उसने बताया कि चार दिन पहले उसने इसी तरह की एक घटना को अंजाम दिया था, जिसमें चलती ट्रेन के दरवाजे पर बैठे एक व्यक्ति का मोबाइल छीना था। उसी दौरान वह व्यक्ति चलती गाड़ी से नीचे कूद गया था, जिससे वह जख्मी हो गया था।
प्रकाश कुमार की निशानदेही पर, हाजीपुर के हेला बाजार स्थित ‘ॐ मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर’ से छीना गया मोबाइल बरामद किया गया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अभियुक्त प्रकाश कुमार ने गरीबी का बहाना बनाकर मोबाइल को दुकानदार को 2000 रुपये में बेचा था।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
