स्टेशन पर ट्रेन से मिला नवजात शिशु:RPF-GRP की तत्परता से बची मासूम की जान
पटना.बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से लावारिस नवजात शिशु को सुरक्षित बचाया गया। रेल मदद की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की तत्परता से मासूम की जान बची। यह घटना पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर मंडल के अंतर्गत हुई।
गाड़ी संख्या 15945 डाउन (LTT–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस) के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर रुकने के बाद कोच संख्या S-7, बर्थ संख्या 65 की जांच की गई। यात्री सुबोध शर्मा, निवासी कल्याण (खगड़िया) ने बताया कि पटना जंक्शन पर एक व्यक्ति नवजात को उनकी बर्थ पर रखकर सामान लाने की बात कहकर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा।
सुबोध शर्मा ने ‘रेल मदद’ के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। मौके पर मौजूद मार्गदर्शन दल के सहायक उप निरीक्षक पी.के. मिश्रा और बल सदस्यों ने शिशु को सुरक्षित उतारा। महिला आरक्षियों की मदद से नवजात को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बख्तियारपुर लाया गया।इसके बाद शिशु को सदर अस्पताल बख्तियारपुर में स्वास्थ्य जांच के लिए भेजा गया। जांच में उसका वजन मात्र 1.5 किलोग्राम पाया गया। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज हेतु पटना सिटी स्थित एसएनसीडब्ल्यू अस्पताल में पुनः परीक्षण की सलाह दी है।
नवजात शिशु के संबंध में चाइल्डलाइन पटना को भी सूचित कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी और सामाजिक प्रक्रिया जारी है। रेल प्रशासन ने बताया कि शिशु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रकरण की निरंतर निगरानी की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
