कल्याणपुर में आम के बगान में पत्तों में लिपटी मिली 1 दिन की नवजात बच्ची
समस्तीपुर।कल्याणपुर थाना क्षेत्र की लदौरा पंचायत के वार्ड संख्या 1 स्थित सिंहयाही गांव में शनिवार सुबह मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। गांव के एक आम बगान में पत्तों में लिपटी एक दिन की नवजात बच्ची अचेत अवस्था में मिली। उसके शरीर पर घोरन (लाल चींटियों) का झुंड लगा हुआ था, जिनके काटने से कई जगह घाव बन गए थे। ग्रामीण रंजनीश गिरी शौच के लिए बगान की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर पत्तों के बीच हरकत पर पड़ी। पास जाकर देखा तो नवजात हल्की सांस ले रही थी। यह दृश्य देख वे सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत अन्य ग्रामीणों को बुलाया और बच्ची को सावधानी से उठाकर घर ले आए।
गृहस्वामी मंजु देवी ने भावुक होकर कहा, “नवजात का क्या कसूर था, जिसे जन्म के बाद इस तरह छोड़ दिया गया। समय पर नहीं मिलती तो उसकी जान चली जाती।” ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय चिकित्सक को बुलाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उसके शरीर पर चींटियों के काटने के निशान साफ दिख रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। थाना अध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि मामले की जानकारी चाइल्ड लाइन को दे दी गई है। टीम के आने के बाद नवजात को उनके सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर किसने और किन परिस्थितियों में मासूम को बगान में छोड़ दिया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
