Dalsinghsarai

विद्यापतिधाम में महाशिवरात्रि को लेकर निकलेगी भव्य और आकर्षक बारात झांकी

दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर।महाशिवरात्रि पर रविवार को प्रखंड अंतर्गत विभिन्न शिवालयों में आयोजित होने वाले शिव विवाह महोत्सव की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्यापतिधाम में इस वर्ष भी भव्य आयोजन की तैयारी है। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्था की जा रही है। महाशिवरात्रि के एक दिन पूर्व भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

यह बारात विद्यापतिधाम मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए इलाके का भ्रमण करेगी और देर शाम पुनः मंदिर पहुंचेगी। बारात में रथ, घोड़े, गाजे-बाजे के साथ भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के साथ देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके अलावा भूत-प्रेत, बसहा बैल, नंदी तथा अन्य पारंपरिक प्रतिरूप भी शामिल किए जाएंगे, जिससे माहौल पूरी तरह शिवमय हो उठेगा। वहीं रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान शिव एवं माता पार्वती का विवाह महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान विधिवत पूजन-अर्चन कराया जाएगा तथा श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के बीच इस दिव्य उत्सव के साक्षी बनेंगे। महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

 

प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्यापति धाम में व्यापक तैयारी की जा रही है, वहीं मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत के अखाड़ा घाट के समीप स्थित श्री अन्नपूर्णा कर्पूरी शिव मंदिर में भी शिवरात्रि महोत्सव को लेकर उत्साह चरम पर है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस अवसर पर रविवार को भव्य शिव बारात झांकी निकाली जाएगी। झांकी में सुसज्जित रथ, घोड़े, गाजे-बाजे के साथ भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों तथा अन्य देवी-देवताओं के आकर्षक प्रतिरूप शामिल रहेंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे। यह भव्य झांकी मऊ बाजार, कुशवाहा ढाला, लंगड़ा ढाला और मड़वा ढाला होते हुए विद्यापतिधाम पहुंचेगी।

 

“महाशिवरात्रि पर निकलेगी शिव विवाह की झांकियां

 

मोरवा.महाशिवरात्रि के अवसर पर स्थानीय फतेहपुर सामुदायिक भवन परिसर से शिव विवाह की झांकी निकलेगी। इसमें शिव पार्वती की शोभा यात्रा में घोड़ा, गाजे बाजे, डीजे के धून पर नाचते गाते जयकार लगाते शोभा यात्रा व झांकी व शिव बारात फतेहपुर, गंगापुर, लसकारा, योगी चौक, मोरवा बाजार होते हुए खुदनेश्वर मंदिर पहुंचेगा। शोभा यात्रा की तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है।

 

शोभा यात्रा समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में शोभा यात्रा निकाला जाएगा। खुदनेश्वर मंदिर परिसर में मंदिर समिति के अध्यक्ष इंद्रदेव शर्मा के नेतृत्व में झांकी व शिव बारात का स्वागत किया जाएगा। यह जानकारी शोभा यात्रा समिति के संयोजक डॉ. दिलीप कुमार चौधरी ने दिया।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!