पटना साहिब स्टेशन के वेटिंग रूम में गूंजी किलकारी :’गर्भवती की सुरक्षित डिलीवरी
पटना साहिब रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक गर्भवती महिला ने वेटिंग रूम में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी पुलिसकर्मियों ने ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के तहत त्वरित कार्रवाई किया और महिला की सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित की।
अचानक शुरू हो गई थी प्रसव पीड़ा
रेलवे सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर अवनीश कुमार ने बताया कि,बिहटा सदीशोपुर की रेखा कुमारी अपने पति पिंटू कुमार के साथ ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों को तुरंत सूचित किया गया।
महिला ने स्वस्थ बच्चे को दिया जन्म
आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने बिना देर किए वेटिंग रूम को खाली कराया और आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। स्टेशन पर उपलब्ध संसाधनों और प्रशिक्षित महिला कर्मियों की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया गया.थोड़ी ही देर में महिला ने एक स्वस्थ लड़के को जन्म दिया। इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर मां और नवजात को पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के तहत की मदद
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को आपात स्थिति में त्वरित और संवेदनशील सहायता प्रदान करना है। इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों पर तैनात बलों को ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।इस सराहनीय पहल के लिए स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पुलिसकर्मियों की प्रशंसा की। यात्रियों ने सुरक्षाकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदना को सराहा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
