Patna

बिहार सरकार बोर्ड लगी गाड़ी ने युवक को कुचला, मौत:पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर हादसा

पटना-बख्तियारपुर फोरलेन (NH-30) पर रविवार को कोका-कोला फैक्ट्री के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई।बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग बोर्ड लगी एक कार ने पहले सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मारी, फिर एक मजदूर को कुचल दिया।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शव के साथ नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर लगभग 5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार को एक सफेद रंग की कार पटना से बख्तियारपुर की दिशा में जा रही थी। कोका-कोला फैक्ट्री के पास कार चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।

 

कार ने पहले एक ट्रक में पीछे से टक्कर मारी

 

कार ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग सुरक्षित बच गए, लेकिन वे वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।इसी दौरान, पास की एक फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर नाश्ता कर अपने गोदाम की ओर लौट रहा था। अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घायल मजदूर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

निजी गोदाम में मजदूरी करता था युवक

 

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जम्मू के उधमपुर निवासी जीपों राम के 22 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है। अरुण कुमार रोजी-रोटी की तलाश में फतुहा आया था और यहां एक निजी गोदाम में मजदूरी करता था।हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे और कार सवारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। आवागमन पूरी तरह ठप होने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

 

 

सूचना मिलते ही फतुहा थानाध्यक्ष कुमार रौशन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर जाम छुड़वाया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर ग्रामीण कार्य विभाग का बोर्ड लगा है, जिसकी जांच की जा रही है। फरार कार सवारों की तलाश जारी है और कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!