समस्तीपुर में पंचायत समिति सदस्य के घर लूटपाट: ज्वेलरी भी लूट ले गए,किया पिटाई
समस्तीपुर में पंचायत समिति सदस्य के घर में बेटी की शादी की तैयारियों के बीच लाखों रुपए की लूटपाट हुई है। शुक्रवार रात करीब 10 से अधिक की संख्या में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित पंचायत समिति सदस्य के पति का कहना है कि बदमाशों ने हम लोगों को बंधक बनाकर परिवार के सभी सदस्यों के साथ मारपीट भी की। मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र स्थित चक हबीब गांव का है।
पीड़ित पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी के पति मंटून राय ने बताया कि मेरी तीसरी बेटी जूली कुमारी की 26 फरवरी को शादी होनी है। बेटी की शादी के लिए करीब 10 लाख रुपए की ज्वेलरी और अन्य सामान की खरीदारी की थी, जिसे बदमाश लेकर फरार हो गए.मंटून राय ने बताया कि लूट और मारपीट की घटना में मेरी पत्नी रेखा देवी और दो बेटियां जूली कुमार और करीना कुमारी घायल हुई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज कराया गया है।
पीड़ित बोले- बदमाशों में गांव के दो शख्स शामिल
मंटून राय के अनुसार, शुक्रवार की देर रात 10 से अधिक की संख्या में बदमाश अचानक घर के अंदर आ गए। बदमाशों के अंदर आने की आहट से मेरी पत्नी की नींद खुली, फिर पत्नी ने शोर मचाना शुरू कर दिया.मंटून ने बताया कि शोर मचाने और लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने मेरी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी की आवाज सुनकर मैं और दोनों बेटियां भी उठ गईं और रेखा देवी को बचाने पहुंची। इसी दौरान बदमाशों ने हम चारों लोगों को बंधक बना लिया और लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.पीड़ित परिवार ने बताया कि बदमाशों ने शादी के लिए खरीदे गए करीब 10 लाख रुपए की ज्वेलरी और अन्य सामान की चोरी कर ली।मंटून राय के मुताबिक, वारदात के दौरान बदमाशों ने अपने चेहरे पर गमछा लपेटा था। मेरी बेटी जूली ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश के चेहरे पर बंधे गमछे को खींच लिया। बदमाश गांव का ही नीतीश कुमार था, जबकि एक बदमाश से मेरी नोकझोंक हुई, वो गांव का शंकर राय था।
प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल किया रेफर
मंटून राय ने बताया कि मारपीट के बाद बंधक बनाए जाने और लूट के बाद बदमाशों के भागने पर हम लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद आसपास के लोग हमारे घर पहुंचे और हम लोगों को बंधन मुक्त कराया। इसके बाद मैं अपनी दोनों बेटियों और पत्नी को लेकर विभूतिपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हम लोगों को समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर उत्कर्ष कुमार ने बताया कि रेखा देवी के सिर में गहरी चोट लगी है। बाकी दोनों बच्चियों को अंदरूनी चोटें आई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना नगर थाने की पुलिस को दे दी गई है।वहीं, घटना के संबंध में पूछे जाने पर नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से उन्हें सूचना मिली हुई है। नगर थाने में तैनात हरी लाल यादव को घायल लोगों से फर्द व्यान लिए जाने को लेकर सदर अस्पताल भेजा गया है। बयान लिए जाने के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए विभूतिपुर थाना भेज दिया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
