Dalsinghsarai

महाशिवरात्रि पर ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा क्षेत्र, हजारों लोगो ने किया जलाभिषेक

दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर भक्त और भगवान के मिलन स्थल के रूप में विख्यात कवि कोकिल विद्यापति की निर्वाण स्थली विद्यापतिधाम स्थित उगना-महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर जलाभिषेक को लेकर रविवार की अहले सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से लेकर देर शाम तक संपूर्ण मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंजता रहा। दूर-दराज के गांवों और कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

महाशिवरात्रि पर आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर मंदिर के मुख्य पुजारी द्वारा भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के बाद सुबह चार बजे मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। बताया गया कि मंदिर परिसर में शनिवार शाम से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, वहीं रविवार की सुबह चार बजे तक पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। कई श्रद्धालु गंगा जल और अन्य नदियों का जल लेकर पहुंचे, तो कई स्थानीय श्रद्धालु दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना में लीन दिखे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की लंबी कतारें मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर बाहर तक देखी गईं।

 

जलाभिषेक के लिए रविवार को उगना-महादेव मंदिर और आसपास के इलाकों में दिनभर मेला जैसा नजारा देखने को मिला। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं के भीड़ के कारण विद्यापति स्मारक चौक से मंदिर जाने वाली सड़क पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

 

 

हालांकि प्रशासन के द्वारा इस पथ पर छोटे-बड़े बड़े वाहनों के परिचालन पर पहले ही रोक लगा दिया गया था, बावजूद इसके भीड़ अधिक रहने के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो रहा था। वहीं बजरंगी चौक से दलसिंहसराय जाने वाली मुख्य सड़क पर भी वाहनों की लम्बी कतार लगी रही। मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज ने बताया कि दोपहर तक लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। शाम तक यह संख्या एक लाख के करीब पहुंचने की संभावना जताई गई। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विद्यापतिधाम में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं और इस वर्ष भी आस्था का वही उत्साह देखने को मिल रहा है। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर विद्यापतिनगर एक बार फिर भक्ति में डूबा रहा।

 

मोहद्दीन नगर।प्रखंड क्षेत्र में महाशिवरात्रि के अवसर पर विभिन्न गांवों में स्थित शिव मंदिरों से भगवान शिव विवाह की भव्य झांकी निकाली गई। अंदौर, दुबहा, मोहिउद्दीननगर तथा कल्याणपुर बस्ती पुरब पंचायत समेत कई स्थानों पर शिव बारात का आयोजन धूमधाम से किया गया। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति से पूरा क्षेत्र दिनभर शिवमय बना रहा। कल्याणपुर बस्ती स्थित शिव मंदिर से निकली शिव बारात की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

 

 

यह झांकी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मदुदाबाद बाजार, पेठिया, स्टेशन रोड एवं कल्याणपुर बस्ती गांव का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। जुलूस के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के नारों से पूरा इलाका गूंजायमान हो उठा। श्रद्धालु डीजे और बैंड-बाजे की धुन पर झूमते-नाचते आगे बढ़ रहे थे। हाथी-घोड़े और आकर्षक सजावट से सुसज्जित झांकी ने लोगों का मन मोह लिया।जुलूस के दौरान एनएच-122 बी मुख्य पथ पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी के कारण यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखा गया। स्थानीय पुलिस बल ने पूरे जुलूस को सुरक्षा घेरे में रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से गंतव्य तक पहुंचाया। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।

 

 

इस आयोजन को सफल बनाने में पवन झा, मुनचुन झा, सुनील झा, बिनोद झा, पूर्व मुखिया मो. निजाम,मदन झा, अमित, बबलु, संजय एवं मो. कलाम की भूमिका सराहनीय रही। स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। विशेष बात यह रही कि इस भव्य शिव बारात में दोनों धर्म समुदायों के लोगों ने मिलकर सहयोग किया। आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ निकाली गई यह झांकी क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल प्रस्तुत कर गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिनभर रही।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!