मंदिर से मां दुर्गा के सोने के गहने चोरी:ताला तोड़कर नथिया-मंटिका ले गए चोर
हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र स्थित मोहब्बतपुर जगदंबा स्थान में मां दुर्गा की प्रतिमा से अज्ञात चोरों ने सोने के गहने चोरी कर लिए। यह घटना रविवार रात को हुई और सोमवार सुबह लगभग 7 बजे इसका पता चला।स्थानीय निवासी सरयुग सिंह ने बताया कि मंदिर में कोई स्थायी पुजारी नहीं है और ग्रामीण ही पूजा-अर्चना करते हैं। सोमवार सुबह जब वे मंदिर परिसर में झाड़ू लगाने पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर का ताला टूटा हुआ पाया।
प्रतिमा से सोने की नथिया और मनटिका चुरा ली
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात लगभग 10 बजे गांव में भुइयां बाबा की पूजा को लेकर गांव के चौराहे पर नेवतन के बाद मंदिर में भी पूजा हुई थी। इसके बाद सभी लोग भुइयां बाबा की पूजा स्थल पर चले गए। इसी दौरान चोरों ने मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने की नथिया और मनटिका चुरा ली।घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मंदिर परिसर में जमा हो गए। इसके बाद गंगा ब्रिज थाने की पुलिस को सूचना दी गई। थाना अध्यक्ष दीपक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर का निरीक्षण किया।
बरामदे पर अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा
कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मंदिर के पास एक खाली घर है, जिसके बरामदे पर अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। पुलिस ने उस घर के बरामदे की भी जांच की। सुल्तानपुर पंचायत के वार्ड नंबर 6 के वार्ड सदस्य रजनीश कुमार के लेटर पैड पर ग्रामीणों ने थाने में एक लिखित आवेदन भी दिया है।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में कहा है कि यह घटना न केवल आर्थिक नुकसान है, बल्कि समाज की धार्मिक आस्था और भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती है। इससे क्षेत्र में असंतोष और भय का माहौल बन सकता है।
नशेड़ियों के अड्डे के बारे में जानकारी मिली
गंगा ब्रिज थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने सोमवार शाम लगभग 6 बजे बताया कि उन्हें घटना से संबंधित आवेदन मिल गया है और छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि नशेड़ियों के अड्डे के बारे में मिली जानकारी पर कार्रवाई जारी है और देर रात गश्त भी कराई जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
