साली के बर्थडे में जा रहे जीजा की मौत,एनएच 322 पर हिट एंड रन
वैशाली के जंदाहा थाना क्षेत्र के कजरी बुजुर्ग गांव के पास एनएच 322 पर हिट एंड रन की एक भीषण घटना में एक युवक की मौत हो गई है। पीड़ित की पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी राम विवेक राय के 26 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार राय के रूप में हुई है।भाई विकास कुमार के अनुसार, मृतक अविनाश बाइक से अपने ससुराल बिदुपुर थाना के फुलपुरा गांव जा रहे थे, जहां उनकी साली के जन्मदिन का आयोजन था।
कजरी बुजुर्ग गांव के पास हुआ हादसा
इसी दौरान कजरी बुजुर्ग गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण धक्के से अविनाश बाइक सहित सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और जंदाहा थाना को सूचित किया। मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने अविनाश को पहले जंदाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
वहां से उन्हें पीएमसीएच, पटना भेजे जाने की सलाह दी गई। हालांकि, परिजनों ने उन्हें हाजीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
अविनाश की एक साल पहले हुई थी शादी
इस घटना ने पूरे परिवार और गांव को शोक के सागर में डुबो दिया है। बताया जा रहा है कि अविनाश की शादी महज एक साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं है। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। मौत की खबर सुनते ही उनके घर में मातम छा गया है। स्थानीय लोग और रिश्तेदार परिवार को संभालने में जुटे हुए हैं।जंदाहा पंचायत की मुखिया संजू देवी, प्रतिनिधि अवधेश ठाकुर और उपसरपंच सुधीर पासवान ने इस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन के चालक को तुरंत गिरफ्तार करने और मृतक के परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
