विद्यापतिनगर में जीविका की ओर से रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का आयोजन
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर.प्रखंड के विद्यापति उच्चतर विद्यालय मऊ वाजिदपुर उत्तर, (मिर्जापुर) के खेल मैदान में गुरुवार को जीविका द्वारा रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी श्किशन कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक बिक्रांत शंकर सिंह, जिला रोजगार प्रबंधक रितेश सुमुख, मुखिया विवेकानंद सिंह उर्फ बॉबी सिंह, प्रखंड जदयू अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक नवीन रणवीर गौतम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बताया गया कि दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना अंतर्गत आयोजित इस मेले में 1800 से अधिक युवक-युवतियों ने निबंधन कराया, जबकि 378 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रस्ताव पत्र प्रदान किया गया। वहीं 165 से अधिक महिलाओं ने स्वरोजगार के लिए पंजीकरण कराया। जिला रोजगार प्रबंधक ने बताया कि 18 से 35 वर्ष के युवाओं को सीधी नौकरी एवं प्रशिक्षण से जोड़ने का यह सशक्त माध्यम है।
जिला परियोजना प्रबंधक ने कहा कि जीविका हर वर्ष जिले में चार ऐसे मेले आयोजित कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास करती है। मेले में सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, मशीन ऑपरेटर, रिटेल, लॉजिस्टिक स्टाफ, डाटा ऑपरेटर व फार्मा सहित विभिन्न पदों के लिए चयन हुआ। कुल 14 कंपनियों ने स्टॉल लगाकर भाग लिया। मंच संचालन डॉ. रंजीत कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बीपीएम नवीन रणवीर गौतम ने किया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
